जलालपुर, अम्बेडकर नगर।
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत विकास खंड जलालपुर सभागार में आयोजित ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों के लिए दो दिवसीय विकास खंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन हो गया। समापन सत्र में पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनभागीदारी आधारित बनाने पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों को पंचायत विकास योजनाओं के निर्माण, उनके प्रभावी क्रियान्वयन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन से संबंधित तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर ने पंचायतों के समग्र एवं सतत विकास के लिए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करने तथा ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
समापन अवसर पर खंड विकास अधिकारी निरंजन प्रकाश ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक ग्रामीण विकास की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग करते हुए शासन की योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास योजना तभी सफल होगी, जब उसमें स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण के दौरान दिए गए महत्वपूर्ण बिंदुओं की पुनरावृत्ति की गई तथा प्रतिभागियों से पंचायतों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर एडीओ पंचायत बृजेश वर्मा सहित विकास खंड जलालपुर के सभी ग्राम पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know