जनपद बलरामपुर- पुलिस अधीक्षक बलरामपुर  विकास कुमार के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से आज नगर क्षेत्र बलरामपुर में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान शहर बलरामपुर में मुख्य विकास अधिकारी बलरामपुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक  विशाल पाण्डेय द्वारा यातायात व स्थानीय पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर वाहन चालकों, राहगीरों, व्यापारियों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। महोदय ने उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी है, जिसे प्रत्येक नागरिक की जागरूकता एवं जिम्मेदारी से काफी हद तक रोका जा सकता है।
जागरूकता अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को सदैव आईएसआई मानक का हेलमेट पहनकर वाहन चलाने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, यातायात संकेतकों एवं नियमों का पूर्णतः अनुपालन करने तथा गलत दिशा में वाहन संचालन, ओवरलोडिंग एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से बचने की अपील की गई। महोदय द्वारा उपस्थित नागरिको से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करें, जिससे जनपद में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित हो सके और सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक यातायात, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

                   हिन्दी संवाद न्यूज से
                     रिपोर्टर वी. संघर्ष
                        बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने