प्रभु श्रीराम के माध्यम से इस भूमि ने मर्यादा के पथ पर चलने की प्रेरणा प्रदान की
सूरज कुण्ड का पुनरुद्धार किया गया, भरत कुण्ड के सुन्दरीकरण का कार्य चल रहा
की दायीं पटरी के सुदृढ़ीकरण के प्रस्ताव को प्रदेश सरकार आगे बढ़ाने का कार्य करेगी
लखनऊ : 10 जुलाई, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार विरासत और विकास के समन्वय से कार्य कर रही है। डबल इंजन सरकार ने अयोध्या में वह कर करके दिखाया है, जो विगत 500 वर्षों में नहीं हो सका था। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मन्दिर का निर्माण हो चुका है। लाखों श्रद्धालु अयोध्या में प्रभु श्रीराम का दर्शन कर अभिभूत होकर जाते हैं। अब अयोध्या तीनां लोकों से न्यारी दिख रही है। यहां की गलियां तथा सड़कें चमक रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुरूप अयोध्या सोलर सिटी के रूप में देश के चुनिन्दा शहरों से एक है। सूर्यवंश की राजधानी रात्रि के समय भी सूर्य की तरह चमक रही है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद अयोध्या में बीकापुर विधान सभा क्षेत्र की 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, चाभी, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड आदि प्रदान किये। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के पूर्व सिंचाई एवं बाढ़ नियन्त्रण मंत्री स्व0 मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण, विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन, पौधरोपण, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सप्तपुरियों में से प्रथम पुरी अयोध्या की पावन धरा भारत के सनातन धर्म की आस्था का प्रतीक है। प्रभु श्रीराम के माध्यम से इस भूमि ने हमें मर्यादा के पथ पर चलने की प्रेरणा प्रदान की है। आज यहां बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास तथा पूर्व मंत्री स्व0 मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अच्छे जनप्रतिनिधियों के चुनने के अच्छे परिणाम आते हैं। एक सक्रिय जनप्रतिनिधि जब विकास में रुचि लेता है, तो उसके बेहतरीन परिणाम प्राप्त होते हैं। अयोध्या का वैभव आज चरम पर दिखाई दे रहा है। बीकापुर विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर है। यहां के जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को रुचि लेकर आगे बढ़ाया है। पहले जो कार्य असम्भव थे, जनप्रतिनिधियों ने उन कार्यों को सम्भव करके दिखाया है।
पहले लम्बे समय तक अयोध्या सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी आवश्कताओं से जूझती रही। मां सरयू की पवित्र धारा अयोध्या को अभिसिंचित कर रही है, लेकिन श्रद्धालु अव्यवस्थाओं के कारण मां सरयू की उपासना से वंचित हो जाते थे। यहां गन्दगी चरम पर थी। अयोध्या में नये घाट से गुप्तार घाट तक घाटों की श्रृंखला दिखायी दे रही है। पहले गुप्तार घाट उपेक्षा का शिकार था, अब लोग अपने परिवार के साथ वहां जाकर पर्यटन का आनन्द लेते हैं। प्रदेश सरकार द्वारा सूरज कुण्ड का पुनरुद्धार किया गया है। भरत कुण्ड के सुन्दरीकरण का कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यदि मन साफ हो, तो कार्य स्वयं होते चले जाते हैं। यदि नीयत स्वच्छ हो, तो नियन्ता प्रत्येक कार्य में हमारा सहयोग करता है। आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम तथा हनुमान जी की असीम कृपा से सभी कार्य तेज गति से आगे बढ़ते हुए दिखायी दे रहे हैं। अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण हो चुका है। यह एयरपोर्ट हवाई सेवा के माध्यम से देश के सभी प्रमुख शहरों जुड़ चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में बिना भेदभाव समरसता का विस्तार कर रही है। अयोध्या में निषादराज गुह्य के नाम पर रैनबसेरे तथा माता शबरी के नाम पर भोजनालय बनाए गए हैं। श्रृंग्वेरपुर में भगवान श्रीराम तथा निषादराज के भव्य मिलन से सम्बन्धित स्मारक का निर्माण किया गया है। राम जी की पैड़ी पर पहले मां सरयू का जल अस्वच्छता का शिकार था। आज वहां हरिद्वार की हरि की पैड़ी की तरह जलधारा एक ओर से प्रवेश कर दूसरी ओर निकल जाती है। मां सरयू की आरती में प्रतिदिन हजारों लोग भाग लेते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब अयोध्या पूरी तरह परिवर्तित हो चुकी है। वर्ष 2017 से पूर्व तथा पश्चात की अयोध्या में स्पष्ट अन्तर दिखायी दे रहा है। भक्ति पथ, राम पथ, जन्मभूमि पथ अयोध्या की पहचान बन रहे हैं। यहां 4-लेन तथा 6-लेन सड़कों का निर्माण किया गया है। जब अयोध्या का कोई व्यक्ति देश व दुनिया में जाता है, वहां के लोग उसके स्वागत के लिए उत्सुक दिखायी देते हैं। लोगों के चेहरे पर यह सोचकर चमक आ जाती है कि यह प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि से जुड़ा व्यक्ति है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अयोध्या की पहचान यहां की जनता की पहचान है। अयोध्या की बीकापुर, गोसाइंर्गंज, रुदौली, मिल्कीपुर विधानसभाएं विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के पूर्व सिंचाई एवं बाढ़ नियन्त्रण मंत्री स्व0 मुन्ना सिंह चौहान को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व0 मुन्ना सिंह चौहान ने विषम परिस्थितियों जूझने के जज्बे के बल पर राजनीतिक क्षेत्र में ऊंचाई प्राप्त की थी। वह संघर्ष के बल पर आगे बढ़े थे।
सामान्य परिवार में जन्म लेने वाले स्व0 मुन्ना सिंह ने प्रदेश के विकास, कृषि एवं किसानों के उन्नयन के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था। आज वह भले ही हमारे बीच में नहीं है, लेकिन उन्होंने डॉ0 अमित सिंह चौहान के माध्यम से अपनी विरासत को आगे बढ़ाया है। डॉ0 अमित सिंह अपनी माता जी के सान्निध्य में बीकापुर के विकास के लिए निरन्तर प्रयासरत हैं। डॉ0 अमित सिंह के माध्यम से अवगत करायी जाने वाली इस क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्रदेश सरकार तत्परता से करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डॉ0 अमित सिंह ने नगर पंचायत सुचित्तागंज (खिरौनी) का नामकरण मां ज्वाला देवी के नाम पर करने की मांग की है। अब यह नगर पंचायत मां ज्वाला जी के नाम से जानी जाएगी। भदरसा अब भरतनगर भरतकुण्ड के नाम से जाना जाएगा। भरत जी ने अपने बड़े भाई प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा व प्रेम भाव के कारण उनके वनवास काल के दौरान 14 वर्षों तक भरत कुण्ड के पास रहकर उनकी प्रतीक्षा की। 14 वर्षों तक प्रभु श्रीराम की चरण पादुकाएं अयोध्या का संचालन कर रही थीं। भाई के प्रति भाई का व्यवहार कैसा होना चाहिए, भरत जी का आचरण इसका उदाहरण है। अयोध्या का सौभाग्य है कि यहां प्रभु श्रीराम, लक्षमण, भरत और शत्रुघ्न जैसे महापुरुष अवतरित हुए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डॉ0 अमित सिंह ने मसोधा-सुचित्तागंज मार्ग के नहरपुल और सुचित्तागंज बाजार से शारदा सहायक नहर की दायीं पटरी के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव दिया है। प्रदेश सरकार इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। इससे यहां अन्नदाता किसानों को लाभ मिलेगा। आज यहां लोकार्पित परियोजनाओं में मसोधा-सुचित्तागंज मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, अयोध्या-सुलतानपुर मार्ग पर गेट-कॉम्प्लेक्स, बीकापुर में राजकीय महाविद्यालय, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बरवा मसौधा में ट्रांजिट हॉस्टल, नगर पंचायत खिरौनी सुचित्तागंज सुहावल का पर्यटन विकास, अयोध्या में जनपदीय ड्रग वेयर हाउस तथा पेयजल की कुछ योजनाएं सम्मिलित हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां शिलान्यास की गयी परियोजनाओं में नगर पंचायत बीकापुर तथा सुचित्तागंज (खिरौनी) पेयजल एवं गृह संयोजन योजना, एकीकृत विकास योजना के अन्तर्गत विकासखण्ड सोहावल के ग्राम सुरवारी में सामुदायिक केन्द्र भवन आदि सम्मिलित हैं।
कार्यक्रम में अयोध्या के विकास से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
इस अवसर पर विधायक डॉ0 अमित सिंह चौहान, श्री रामचन्द्र यादव, श्री अभय सिंह, श्री चन्द्रभानु पासवान, अयोध्या के महापौर पं0 गिरीशपति त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
--------

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know