बलरामपुर- उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती जनक नंदिनी जी दिनांक 22 जुलाई 2026 को जनपद बलरामपुर के भ्रमण पर रहेंगी। उनके नेतृत्व में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम एवं महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित जागरूकता चौपाल का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान माननीय सदस्य द्वारा महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी अधिकार, कार्यस्थल पर उत्पीड़न तथा अन्य महिला संबंधी शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया जाएगा।
महिला जनसुनवाई के साथ आयोजित जागरूकता चौपाल में महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। पात्र महिलाओं का विभिन्न योजनाओं में पंजीकरण कराने, महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पुलिस, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर महिलाओं को योजनाओं एवं विधिक अधिकारों की जानकारी देंगे तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग प्रदान करेंगे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know