लखनऊ : 05 जुलाई, 2026 :ः भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित अवध क्षेत्र के ‘शक्ति केन्द्र संयोजक सम्मेलन’ को सम्बोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का विमोचन किया।
श्री नितिन नबीन ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में देश की आत्मा बसती है। यहां प्रभु श्रीराम का जन्म हुआ है। इस भूमि ने ऐसे महापुरुषों को जन्म दिया है, जिन्होंने देश ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व को अपने संदेश से प्रेरणा देने का कार्य किया है। यह पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की कर्मभूमि है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अटल जी से प्रेरणा प्राप्त करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी उत्तर प्रदेश के विकास और विरासत को आगे बढ़ाते हुए इसे उत्तम प्रदेश बना रहे हैं।
श्री नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में विकास एवं विरासत के क्षेत्र में अनेक आयाम स्थापित हुए हैं। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं0 दीनदयाल उपाध्याय तथा श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की विशाल प्रतिमा स्थापित की गयी है। प्रधानमंत्री जी ने इस प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया है। आने वाले कई वर्षों तक भाजपा ही नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल प्रेरित करता रहेगा। हमारे कार्यकर्ताओं को इस प्रेरणा स्थल पर आयोजित शक्ति केन्द्र संयोजक सम्मेलन से नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
श्री नितिन नबीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रत्येक गांव, कस्बे एवं जनपद से माफिया एवं गुण्डाराज को समाप्त किया है। विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश में विकास के नए-नए आयाम स्थापित हुए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से राज्य की नई तस्वीर सामने आई है। अंतिम पायदान के व्यक्ति तक विकास की योजनाओं को पहुंचाया जा रहा है। यह देश के अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल बना है।
श्री नितिन नबीन ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को बदहाली, तुष्टीकरण एवं अराजकता की स्थिति से निकालने का कार्य किया है। आज उत्तर प्रदेश विकास के पैमाने पर अग्रणी राज्यों में आ गया है। पहले यह बीमारू राज्य की श्रेणी में था। डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास के अनेक पैमानों पर आगे बढ़ाने का कार्य किया है। आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है। यहां महिलाएं सुरक्षित हैं। वह गर्व से कहती हैं कि हम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के राज्य में रहते हैं। हमें कोई डर या भय नहीं है। डबल इंजन सरकार ने आधी आबादी को स्वाभिमान व सम्मान दिया है और आने वाले समय में अधिकार भी देने का कार्य करने जा रही है।
श्री नितिन नबीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास का कार्य किया जा रहा है। पहले बनारस में बाबा विश्वनाथ धाम के दर्शन करने के लिए तंग गलियों से जाना पड़ता था। आज बाबा विश्वनाथ धाम कॉरिडोर को देखकर गर्व की अनुभूति होती है। हमने विरासत को संजोया है और उसे संभालेंगे भी।
श्री नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं0 दीनदयाल उपाध्याय एवं श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का नेतृत्व मिला है। डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’, पं0 दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय तथा श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन का नारा दिया। प्रधानमंत्री जी इन तीनों को एक साथ लेकर जनता की सेवा कर रहे हैं। डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने धारा 370 को समाप्त करने के लिए अपना बलिदान दिया था। हमारी परम्परा रही है कि हम राष्ट्र एवं आस्था के विषयों को लेकर अपनी कुर्बानी देने के लिए तैयार रहते हैं।
श्री नितिन नबीन ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य करें। हमें उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश तथा वर्ष 2047 में देश को विकसित भारत बनाना है। इसके लिए हमें भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत के साथ लगातार विजय दिलानी होगी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व में पूर्ण समर्पण एवं संघर्ष के साथ कार्य किया है। वर्तमान पीढ़ी को भी उसी संघर्ष एवं समर्पण के साथ भारत की नई इबारत लिखनी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने विगत 25 दिसम्बर को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल, राष्ट्र को समर्पित किया था। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर देशवासियों को भारत की आत्मा से परिचित कराने वाली तीन महान विभूतियों डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं0 दीन दयाल उपाध्याय तथा श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं। यहां एक म्यूजियम भी बनाया गया है, जो इन विभूतियों के जीवन दर्शन के बारे में वर्तमान पीढ़ी को निरन्तर प्रेरणा दे रहा है। इन विभूतियों ने जो प्रेरणा दी, वही हमारे जीवन का मंत्र है।
मुख्यमंत्री जी ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन तथा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री बी0एल0 संतोष का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अंग्रेजों की कुटिलता के खिलाफ बंगाल विभाजन के विरोध के आन्दोलन का हिस्सा बनकर पूरे बंगाल को पाकिस्तान को देने की साजिश को विफल करने का कार्य किया था। आज पश्चिम बंगाल यदि भारत में शामिल है और वहां हिन्दू सुरक्षित हैं, तो इसका श्रेय डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी को जाता है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी तथा गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्पों से कश्मीर से धारा-370 समाप्त हुई है। इस कार्य के प्रेरणा पुंज भी डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी हैं। उन्होंने वर्ष 1953 में कश्मीर से धारा-370 समाप्त करने के लिए अपना बलिदान दिया था। ‘एक देश में दो प्रधान, दो निशान, दो विधान नहीं चलेंगे’ का नारा देकर उन्होंने परमिट सिस्टम का विरोध किया। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कश्मीर से धारा-370 समाप्त कर डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार किया है। हमारे कार्यकर्ता सदैव नारा लगाते थे कि ‘जहां हुए शहीद मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है’। यह नारा भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में गरीब कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन, जीवन ज्योति बीमा योजना, जीवन सुरक्षा बीमा योजना जैसी योजनाएं बिना भेदभाव अंतिम पायदान पर बैठे हुए गरीब के कल्याण के लिए समर्पित हैं। अन्त्योदय की यह प्रेरणा पं0 दीन दयाल उपाध्याय जी से प्राप्त होती है। प्रधानमंत्री जी ने गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पं0 दीन दयाल उपाध्याय जी के अन्त्योदय के लक्ष्य को साकार किया है।
सुशासन तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ तकनीकी के उपयोग को आगे बढ़ाने के लिए पहला सूत्र शासन की स्थिरता है। राजनीतिक स्थिरता के बगैर शासन स्थिर नहीं हो सकता। भारत में राजनीतिक अस्थिरता को समाप्त करके शासन की स्थिरता को स्थापित करने का कार्य श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने किया। 1990 के दशक में राजनैतिक अस्थिरता का माहौल था। सरकारें आती और जाती थीं। वर्ष 1996 में जब अटल जी की 13 दिन की सरकार गिरी, तो उन्होंने राजनैतिक मूल्यों का पालन करते हुए चुनाव का सामना करने का विकल्प चुना। वर्ष 1998 से 2004 तक उन्होंने देश में एक स्थिर सरकार देकर भारत में सुशासन का मॉडल दिया।
प्रधानमंत्री जी ने डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी के भारत की एकता के स्वप्न, पं0 दीन दयाल उपाध्याय के अन्त्योदय की प्रेरणा और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सुशासन के मॉडल को एक साथ आगे बढ़ाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में सुरक्षा का वातावरण बना है। वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। हम प्रधानमंत्री जी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना को साकार होते देख रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने देश की हृदय स्थली उत्तर प्रदेश को विरासत और विकास का केन्द्र बिन्दु बनाया है।
डबल इंजन सरकार विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री जी के विजन को साकार करने का कार्य कर रही है। पहले कोई यह नहीं सोचता था कि काशी में भव्य श्री काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि और अयोध्या का विकास, माँ विन्ध्यवासिनी का भव्य धाम बन पाएंगे, नैमिषारण्य का सौन्दर्यीकरण हो जाएगा, वृन्दावन और मथुरा का विकास द्वापर युग का स्मरण कराएगा, शुकतीर्थ का विकास हो जाएगा, दिव्य और भव्य कुम्भ का आयोजन हो पाएगा। भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार ने विरासत भी, विकास भी के मंत्र पर चलते हुए यह सभी कार्य सम्भव कराए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर, हाई-वे, मेट्रो, इनलैण्ड वॉटर-वे, रेलवे, रैपिड रेल उत्तर प्रदेश की पहचान बनी हैं। मैन्युफैक्चरिंग के हब के रूप में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ा है। हम ड्रोन के साथ ही, ब्रह्मोस मिसाइल भी बना रहे हैं। वर्ष 2017 के पहले की सरकारें माफिया पालती थीं। अपने गुर्गों से हर जिले में कट्टा और बम बनवाती थीं। हम देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं। हमारे लिए राष्ट्र सुरक्षा महत्वपूर्ण है, तो उनके लिए अपना लूट तंत्र मजबूत करना महत्वपूर्ण था।
इन लोगों की अपनी कोई विचारधारा नहीं है। भाजपा का विरोध करते-करते वह भारत का विरोध करने लगते हैं। जब यह लोग लव जिहाद तथा थूक जिहाद का यह लोग बेशर्मी से समर्थन करते हैं, तब इन्हें उत्तर प्रदेश सहित भारत की आस्था की चिंता नहीं होती है, लेकिन वोट बैंक की चिंता होती है। इनके द्वारा भारत की आस्था पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष प्रहार करने के कोई मौके चूके नहीं जाते।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज विकास, सुरक्षा, सुशासन का एक मॉडल प्रदेश में बना है। डबल इंजन सरकार युवा, महिला, अन्नदाता किसान, गरीब सहित समाज के सभी वर्गों तक शासन की सुविधाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के निरन्तर पहुंचाने का कार्य कर रही है। समाजवादी पार्टी तथा काँग्रेस जैसे विपक्षी दलों की यही चिंता है कि जिस तबके को यह लोग जाति और वर्ग के नाम पर विभाजित करते थे, उस तबके को डबल इंजन सरकार कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देकर अपने साथ जोड़ने का कार्य कर रही है। भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता भारत की एकता और अखण्डता के लिए समर्पित है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शक्ति केन्द्र भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था के वह केन्द्र बिन्दु हैं, जहां से एक-एक मतदाता के साथ हमारा संवाद शुरू होता है। प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि चुनाव का केन्द्र बिन्दु बूथ होता है। यह शक्ति केन्द्र चुनाव के केन्द्र बिन्दु हैं। अगर शक्ति केन्द्र और हमारे बूथ मजबूत होंगे, तो चुनाव के परिणाम हमारे पक्ष में होंगे। इस दृष्टि से आप सभी संयोजकों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारतीय जनता पार्टी दुनिया के लोकतांत्रिक देशों में सबसे बड़े राजनैतिक दल के रूप में स्थापित है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी आज यहां शक्ति केन्द्र संयोजकों के साथ संवाद बनाने के लिए आए हैं।
जब शक्ति केन्द्र मजबूत होंगे, तो पश्चिम बंगाल जैसी जीत प्राप्त करने में कोई कठिनाई नहीं होगी। बंगाल की जीत डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार करने की जीत है। पश्चिम बंगाल को घुसपैठ का अड्डा बना दिया गया था। अराजकता चरम पर थी। यहां भारतीय जनता पार्टी के अनेक कार्यकर्ताओं ने अपना बलिदान दिया है। पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना शक्ति केन्द्रों की मजबूत स्थिति से ही सम्भव हुआ है।
हर माह अंतिम रविवार के दिन हर बूथ और हर शक्ति केन्द्र कार्यकर्ता एकजुट होकर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनें। प्रधानमंत्री जी द्वारा बताए गए महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा कर उन कार्यों को लागू करेंगे, तो आने वाले समय में न केवल भारतीय जनता पार्टी के लिए, अपितु उच्च मूल्यों और आदर्शों के साथ देश के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की एक फौज खड़ी कर देंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी कल से ही बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके निरन्तर विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़े हैं। हमें भी चरैवेति-चरैवेति के इस मंत्र को अपने जीवन में अंगीकार करना होगा।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं0 दीन दयाल उपाध्याय तथा श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को समर्पित है। इन तीन विभूतियों ने अपने संकल्पों से भारतीय जनता पार्टी को सींचा है तथा इसे वैचारिक आधारशिला दी है। प्रधानमंत्री जी ने इनकी विचारधारा को धरातल पर उतारने का कार्य विगत 12 वर्षों में किया है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश की पहचान बदलने का कार्य हुआ है। उत्तर प्रदेश पहले वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया से जाना जाता था। आज ओ0डी0ओ0पी0 के माध्यम से प्रदेश निर्यात कर रहा है। देश और दुनिया के निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करने आ रहे हैं। देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में मौजूद है।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 09 वर्षों में हुए विकास कार्यों ने उत्तर प्रदेश को 90 साल आगे ले जाने का कार्य किया है। इससे विपक्षी बौखलाए हुए हैं। मुख्यमंत्री जी ने माफियाओं को मिट्टी में मिलाने, विकास की गंगा बहाने तथा गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने का कार्य किया है। आज का सम्मेलन बहुत महत्वपूर्ण है। वर्ष 2027 में वर्ष 2017 से बड़ी विजय प्राप्त करने का श्रीगणेश राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित इस सम्मेलन में हुआ है।
उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने केवल चार जातियों गरीब, महिला, किसान और युवा की बात की है। आधुनिकता के इस दौर में भारत प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में दुनिया के साथ कदमताल करते हुए आगे बढ़ रहा है। श्री नितिन नबीन जी के रूप में भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व एक युवा के हाथों में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून के राज की स्थापना हुई है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री बी0एल0 संतोष, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री धर्मपाल सहित अन्य पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
.jpg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know