बलरामपुर- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिनांक 21 जून को जनपद में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य जनपदीय कार्यक्रम स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रातः 06:15 बजे सामूहिक योगाभ्यास के साथ प्रारंभ होगा, जिसमें लगभग 1000 लोग एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे।
इसके अतिरिक्त जनपद की सभी तहसीलों एवं विकास खंडों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़कर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना सकें।
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री जी के योग दिवस संबोधन एवं कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे जनपदवासी राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन से सीधे जुड़ सकेंगे।

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित होकर योग को अपनाने एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करता है तथा इसे दैनिक जीवन में शामिल कर निरोग एवं सुखद जीवन जिया जा सकता है।

             हिन्दी संवाद न्यूज से
              रिपोर्टर वी. संघर्ष
                बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने