हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा बाराबंकी नगर गूंज उठा, जब बाबा बर्फानी के भक्तों की सेवा के लिए श्री बर्फानीश्वर महादेव सेवा समिति का विशाल भंडारा जम्मू-कश्मीर के बालटाल मार्ग के लिए रवाना किया गया। श्रद्धा, भक्ति और सेवा के इस महायज्ञ में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
नगर के ऐतिहासिक नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भंडारे की सामग्री से लदे तीन ट्रकों को रवाना किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप और नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि सुरेंद्र वर्मा ने नारियल फोड़कर तथा आरती उतारकर यात्रा को शुभारंभ किया।
अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा कि"अमरनाथ यात्रा हिंदू धर्म की सबसे पवित्र यात्राओं में से एक है। यात्रियों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। इतनी कठिन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सेवा करने वाले सभी सेवादार बधाई के पात्र हैं।"
भंडारा रवाना होने के बाद नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूरे मार्ग में शिव भक्ति के गीत गूंजते रहे और श्रद्धालु नाचते-गाते बाबा बर्फानी के जयकारे लगाते रहे।
घंटाघर चौराहे पर श्रद्धालुओं और व्यापारियों ने भंडारा वाहनों पर पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और हर तरफ "हर-हर महादेव" के उद्घोष सुनाई दिए।
समिति के प्रधान अध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा ने बताया कि लगभग 13,500 फीट की ऊंचाई पर लगने वाले इस विशाल भंडारे की तैयारियां कई सप्ताह पहले से शुरू कर दी गई थीं। प्रदेश भर से जुड़े सेवादार इस सेवा कार्य में अपना योगदान दे रहे हैं।
वहीं, धनावत सेवा ट्रस्ट द्वारा पिछले 11 वर्षों की तरह इस वर्ष भी लंगर रवानगी के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं जलपान की विशेष व्यवस्था की गई। ट्रस्ट से जुड़े संजय जैन, शेखर जैन, प्रमोद जैन और दीपक जैन ने हजारों श्रद्धालुओं की सेवा का संकल्प दोहराया।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know