अन्तरराष्ट्रीय एम0एम0एम0ई0 दिवस कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने जनपद गौतमबुद्धनगर में नोएडा प्राधिकरण के नवीन मुख्य प्रशासनिक भवन के लोकार्पण सहित नोएडा और
दादरी विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत 2,479 करोड़ रु0 की लागत की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
दादरी विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत 2,479 करोड़ रु0 की लागत की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण का कर्टेन रेज़र जारी किया
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूल किट, प्रतीकात्मक चेक,
प्रशस्ति पत्र, भूखण्ड के आरक्षण पत्र तथा चिकित्सा कार्ड वितरित किए
उ0प्र0 ने प्रत्येक सेक्टर में अपनी प्रगति को स्पीड के साथ आगे बढ़ाया,
जनपद गौतमबुद्धनगर भारत में इन्वेस्टमेंट का बेस्ट डेस्टिनेशन बना : मुख्यमंत्री
नोएडा अथॉरिटी के पास अपना भवन होने से अन्नदाता किसानों, आर0डब्ल्यू0ए0
तथा उद्यमियों की समस्या का समाधान अब एक छत के नीचे प्राप्त होगा
जेवर एयरपोर्ट से डोमेस्टिक कॉमर्शियल फ्लाइट प्रारम्भ हो चुकी, कुछ
ही समय में यहां से इण्टरनेशनल फ्लाइट भी प्रारम्भ हो जाएगी
कोरिया गणराज्य के साथ मिलकर लगभग 7000 करोड़ रु0 के निवेश
से इलेक्ट्रॉनिक सर्किट के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई
गौतमबुद्धनगर अब सोलर सेल का भी आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग हब बनेगा, 8,200 करोड़ रु0
लागत के इण्टीग्रेटेड सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट की आधारशिला रखी गयी
लागत के इण्टीग्रेटेड सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट की आधारशिला रखी गयी
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम किसी भी बड़े उद्योग का आधार,
एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए इन्हें
ब्राण्डिंग, नई डिजाइन, तकनीक तथा मार्केट के साथ जोड़ा गया
वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना भारत की ब्राण्ड बनी,
प्रधानमंत्री जी इसे आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बताते
राज्य की मैन्युफैक्चरिंग पावर की शो-केसिंग के लिए ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितम्बर, 2026 तक यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो आयोजित किया जाएगा
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ की तर्ज पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’
का एक नया कार्यक्रम प्रारम्भ, हमारा प्रयास होगा कि इसमें से
अधिकतर कुज़ीन को जी0आई0 टैग के साथ जोड़े
भारत तब विकसित होगा, जब हर राज्य, हर जनपद, हर नगर, हर कस्बा,
हर गांव विकसित होगा तथा प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा
लखनऊ : 27 जून, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि कार्य करने का एक विज़न तथा इस विज़न को धरातल पर उतारने की एक इच्छाशक्ति होती है। यह दोनों आज गौतमबुद्धनगर जनपद सहित उत्तर प्रदेश में पूरब से पश्चिम तथा उत्तर से दक्षिण हर जगह यह विज़न और इच्छाशक्ति देखने को मिलेगी। आपने उत्तर प्रदेश के बदले हुए परसेप्शन को देखा है। बदले परिवेश में बदलते उत्तर प्रदेश को आप बहुत नजदीक से महसूस कर रहे हैं। आज से 09 वर्ष पहले के उत्तर प्रदेश और आज के उत्तर प्रदेश में बहुत अन्तर है।
मुख्यमंत्री जी आज अन्तरराष्ट्रीय एम0एम0एम0ई0 दिवस के अवसर पर नोएडा सेक्टर 96, जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नवीन कार्यालय भवन में आयोजित समारोह में सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से बने नवीन मुख्य प्रशासनिक भवन के लोकार्पण सहित नोएडा और दादरी विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत 2,479 करोड़ रुपये की लागत की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
मुख्यमंत्री जी ने यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण का कर्टेन रेज़र जारी किया। उन्होंने ओ0डी0ओ0पी0 एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट, एम0एस0एम0ई0 इकाईयों एवं तकनीकी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक तथा इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकर्स को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने विभिन्न निवेशकों को स्वीकृति पत्र, सेक्टर 146 में किसानों की अर्जित भूमि के सापेक्ष विकसित आबादी भूखण्ड के आरक्षण पत्र तथा नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत 4800 संविदा कर्मियों के लिए स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया जनरल इन्श्योरेन्स कम्पनी के माध्यम से 05 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज हेतु चिकित्सा कार्ड भी प्रदान किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी में ओ0डी0ओ0पी0 तथा ‘एक जनपद एक व्यंजन’ के स्टॉल का अवलोकन कर उत्पादों की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री जी ने नोएडा अथॉरिटी को अपने नए भवन के लिए बधाई देते हुए कहा कि किसी अथॉरिटी के कार्यालय का अपने भवन में स्थापित होना एक बड़ी उपलब्धि है। 390 करोड़ रुपये की लागत से नोएडा अथॉरिटी के शानदार भवन के प्रथम फेज का लोकार्पण आज सम्पन्न हुआ है। इसके शानदार ऑडिटोरियम में ही आज यह कार्यक्रम आयोजित हुआ है। उन्होंने नोएडा और दादरी विधानसभा की 2,479 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की बधाई देते हुए कहा कि नोएडा अथॉरिटी के पास यहां की जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं के विकास की जिम्मेदारी भी है। नोएडा अथॉरिटी द्वारा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए यह धनराशि या तो खर्च की गयी है, या अलग-अलग सुविधाओं के विकास में खर्च की जाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले गौतमबुद्धनगर जनपद में तत्कालीन मुख्यमंत्री भय से नहीं आते थे। लेकिन मैंने कहा कि मैं एक आध्यात्मिक व्यक्ति हूं और रूढ़िवाद को नहीं मानता हूं। हमारा मानना था कि जनता-जनार्दन से जुड़ी हुई समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी हमें मिली है, तो हम उसके समाधान का रास्ता निकालेंगे। उस समय हमारे सामने यहां बिल्डर-बायर्स के बीच विवाद की सबसे बड़ी समस्या सामने आयी थी। हमनें इसका एक वर्ष में ही समाधान कर लगभग सवा लाख बायर्स को आवास उपलब्ध कराए। इसके बाद कुछ लोग न्यायालय में चले गये, जिसके बाद नीति आयोग के सी0ई0ओ0 के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय समिति बनाकर 03 लाख से अधिक बायर्स को उनका आवास उपलब्ध करवाने में हम सफल हुए हैं। इसके साथ ही अन्य बहुत सी समस्याओं का समाधान भी हुआ।
अब नोएडा अथॉरिटी के पास अपना भवन होने से बेहतरीन सुविधाएं यहां पर दी जा सकेंगी। यहां के अन्नदाता किसानों, आर0डब्ल्यू0ए0 तथा उद्यमियों की समस्या का समाधान अब एक छत के नीचे नोएडा अथॉरिटी के अपने कार्यालय भवन में प्राप्त होगा। यदि नोएडा अथॉरिटी अपनी सभी सेवाएं ऑनलाइन कर दे, तो बहुत अच्छा होगा। वर्तमान समय में हमें इसका उपयोग करना चाहिए। यह एक बेहतरीन सुविधा हो सकती है। इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेण्टर के माध्यम से एक-एक कार्य की निगरानी कर जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिन लोगों ने अथॉरिटी से जमीनें ली हैं, लेकिन वहां पर निवेश नहीं किया है, उन्हें एक निर्धारित समय सीमा के बाद नोटिस जारी कर वहां नए निवेश को आमंत्रित करें। वर्ष 1970 के दशक में, जब नोएडा अथॉरिटी की परिकल्पना हुई होगी, तब में और आज में बहुत अन्तर आ गया है। हमें आज के परिप्रेक्ष्य में सोचना है। इसके लिए नया लैण्ड बैंक बनाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट से डोमेस्टिक कॉमर्शियल फ्लाइट प्रारम्भ हो चुकी है। कुछ ही समय में यहां से इण्टरनेशनल फ्लाइट भी प्रारम्भ हो जाएगी। आज वह इस कार्यक्रम में आने के लिए जेवर एयरपोर्ट के माध्यम से ही पहुंचे हैं। यहां कोरिया गणराज्य के साथ मिलकर लगभग 7000 करोड़ रुपये के निवेश से इलेक्ट्रॉनिक सर्किट के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई है। इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेण्ट और इलेक्ट्रॉनिक सर्किट की मैन्युफैक्चरिंग अब इसी जनपद में होगी। गौतमबुद्धनगर जनपद अब सोलर सेल का भी आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग हब बनेगा। 8,200 करोड़ रुपये लागत के इण्टीग्रेटेड सोलर मैक्युफैक्चरिंग प्लाण्ट की हमने आज आधारशिला रखी है।
गौतमबुद्धनगर में फिल्म सिटी, एपेरल पार्क तथा मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहे हैं। जो क्षेत्र पहले प्रदेश की सबसे खतरनाक जगह मानी जाती थी, लोग वहां जाने में डरते थे, आज यह सभी निवेश उसी क्षेत्र में आ रहे हैं। यह इसलिए हुआ है क्योंकि डबल इंजन सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना डरे और बिना झुके निर्णय लेने की सामर्थ्य विकसित की। आज इसके परिणाम हम सभी के सामने हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद गौतमबुद्धनगर भारत में इन्वेस्टमेंट का बेस्ट डेस्टिनेशन बना है। गौतमबुद्धनगर के साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी इस निवेश का आधार बन रहे हैं। तीनों अथॉरिटी के स्तर पर कार्यां को तेजी से आगे बढ़ाने तथा कार्य संस्कृति को और प्रभावी बनाने का कार्य हो रहा है। वर्षों की जकड़न को तोड़ते हुए जनता तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। आने वाले समय में नोएडा अथॉरिटी का यह कार्यालय इनका केन्द्र बनेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज अन्तरराष्ट्रीय एम0एस0एम0ई0 दिवस भी है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम किसी भी बड़े उद्योग का आधार है। विकसित भारत की संकल्पना तभी साकार होगी, जब किसान खुशहाल होंगे। साथ ही, उतनी ही तेजी के साथ हम वर्ल्डक्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा अपनी मैन्युफैक्चरिंग पावर को भी मजबूती से आगे बढ़ा सकेंगे। बड़े निवेश के लिए एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र को भी प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना होगा। वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में इस सेक्टर में हताशा और निराशा थी। हमारे कारीगर और हस्तशिल्पी हतोत्साहित थे। उस समय हमारे सामने यह चुनौती थी कि कैसे इनके मन में एक विश्वास पैदा करें। इनके लिए मार्केट, डिजाइन तथा टेक्नोलॉजी की सुविधा नहीं थी।
वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एम0एस0एम0ई0 यूनिट संचालित हैं, जिनमें 03 करोड़ से अधिक लोग कार्य कर रहे हैं। वर्ष 2017 में हमनें एम0एस0एम0ई0 उद्यमियों की समस्या के समाधान के लिए इन्हें ब्राण्डिंग, नई डिजाइन, नई तकनीक तथा मार्केट के साथ जोड़ा। उनके लिए कॉमन सर्विस सेण्टर बनाए गए। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना भारत की ब्राण्ड बनी है। प्रधानमंत्री जी इसे आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बताते हैं।
कोविड कालखण्ड में जब पूरी दुनिया अस्वस्थ थी, तब उत्तर प्रदेश के एम0एस0एम0ई0 उद्योग चल रहे थे। उस समय प्रदेश में लगभग 40 लाख कामगार और श्रमिक वापस अपने घर आए। हमनें उनकी जिम्मेदारी ली। उन्हें निःशुल्क राशन की सुविधा तथा रोजगार के लिए प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए। इसका परिणाम हम सबके सामने है। वह सभी उत्तर प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। हमारा एम0एस0एम0ई0 सेक्टर मजबूती के साथ आगे बढ़ा है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश 02 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है। इसमें प्रदेश के एम0एस0एम0ई0 सेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 03 वर्षां से लगातार हम राज्य की मैन्युफैक्चरिंग पावर की शो-केसिंग के लिए ग्रेटर नोएडा के इण्डिया एक्सपो सेण्टर में यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो आयोजित कर रहे हैं। पहले लोगों को उत्तर प्रदेश की इस सामर्थ्य के बारे में पता ही नहीं था। भारत के कुल मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का 55 प्रतिशत तथा इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेण्ट का लगभग 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। यह उत्तर प्रदेश की ताकत है। इस ताकत के दृष्टिगत आज का दिन अत्यन्त महत्वपूर्ण है। आज यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण का कर्टेन रेजर जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह ट्रेड शो 25 से 29 सितम्बर, 2026 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होना है। इसमें एक्ज़िबिटर्स तथा फॉरेन बायर्स आएंगे। सरकार उत्तर प्रदेश की मैन्युफैक्चरिंग पावर की शो-केसिंग के लिए उन्हें प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगी। वहां बी-टू-बी और बी-टू-जी बैठकें आयोजित होंगी। नए ऑर्डर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। गत वर्ष इसमें बहुत अच्छा बिजनेस हुआ था। दुनिया से ऑर्डर मिले थे। यह हमारे लिए एक अवसर है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गत वर्ष सी0एम0 युवा स्कीम लॉन्च की गयी थी। इसके अन्तर्गत अपना स्वयं का स्टार्टअप अथवा बिजनेस स्थापित करने के इच्छुक नौजवान का चयन कर, उनकी रुचि के अनुरूप बिजनेस की ट्रेनिंग करायी जा रही है। उन्हें पहले चरण में 05 लाख रुपये का ब्याज मुक्त तथा गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्हें मार्जिन मनी भी उपलब्ध करायी जाती है। आज यहां सी0एम0 युवा से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुछ बैंकर्स को सम्मानित किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी सभी भारतीयों से जन्मदिन, मांगलिक कार्यक्रम, किसी से भेंट करने के दौरान तथा पर्व और त्योहारों के अवसर पर स्थानीय उत्पाद गिफ्ट में देने का आग्रह करते हैं। इससे आपका पैसा आपके ही कारीगरों, हस्तशिल्पियों तथा आपकी ही मार्केट के पास जाएगा। यह समृद्ध होंगे, तो देश समृद्ध होगा। यह सभी आत्मनिर्भर होंगे, तो देश आत्मनिर्भर होगा। इन्हीं सब विषयों पर यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रकार के ट्रेड शो जनपद स्तर पर भी आयोजित किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस वर्ष हमनें ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ की तर्ज पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’ का एक नया कार्यक्रम प्रारम्भ किया है। हम अपने अलग-अलग जनपदों के खानपान की ब्राण्डिंग नहीं कर पाए थे। उत्तर प्रदेश सहित भारत के व्यंजन लोगों के लिए स्वास्थ्यप्रद हैं। जब लोगों ने इनसे दूरी बनाने का प्रयास किया, तो उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर भी पड़ना प्रारम्भ हुआ। हमनें ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’ के माध्यम से फिर से अपने प्रदेश के विशिष्ट व्यंजनों को पुनर्जीवित करने का कार्य किया है। पहले चरण में हमने हर जनपद से एक-एक व्यंजन को चुना है। हमारा प्रयास होगा कि इसमें से अधिकतर कुज़ीन को जी0आई0 टैग के साथ जोड़ें। जब हमनें ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना की शुरुआत की थी, उस समय बहुत कम उत्पादों को जी0आई0 टैग प्राप्त था। आज पूरे देश में सबसे ज्यादा जी0आई0 टैग उत्तर प्रदेश के पास हैं। हमनें इस सम्बन्ध में और भी आवेदन किए हुए हैं। जी0आई0 टैग अपने आप में उत्पादों की ब्राण्डिंग है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय एम0एस0एम0ई0 दिवस के अवसर पर हम प्रधानमंत्री जी के आत्मनिर्भर भारत विजन के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। भारत तब विकसित होगा, जब हर राज्य, हर जनपद, हर नगर, हर कस्बा, हर गांव विकसित होगा तथा प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा। व्यक्ति आत्मनिर्भर होगा, तो परिवार आत्मनिर्भर होगा। परिवार आत्मनिर्भर होंगे, तो समाज, गांव, कस्बा आत्मनिर्भर होगा। जब यह सभी इकाइयां आत्मनिर्भर होंगी, तो हमारा जनपद आत्मनिर्भर होगा। जब हमारा जनपद आत्मनिर्भर होगा तो हमारा प्रदेश भी आत्मनिर्भर बनेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब राज्य आत्मनिर्भर बनेंगे, तो भारत भी आत्मनिर्भर बनेगा। आज आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में, अलग-अलग सेक्टर्स में तेजी के साथ प्रयास प्रारम्भ हुए हैं। इसी का परिणाम है कि जिस उत्तर प्रदेश को पहले बीमारू राज्य कहा जाता था, वही प्रदेश विगत 06 वर्षां से लगातार भारत में रेवेन्यू सरप्लस स्टेट के रूप में जाना जा रहा है। विगत 09 वर्षां में हमें प्रदेश की अर्थव्यवस्था तथा प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना बढ़ाने में सफलता प्राप्त हुई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने प्रत्येक सेक्टर में अपनी प्रगति को स्पीड के साथ आगे बढ़ाया है। जन सुविधाओं, लोककल्याण योजनाओं, इन्फ्रास्ट्रक्चर, ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस, ईज़ ऑफ लिविंग के लक्ष्य को प्राप्त करने जैसे हर सेक्टर में हुए कार्य इस गति को दर्शाते हैं। जेवर एयरपोर्ट पूरे देश और दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे पहले कल्पना थी। आज उत्तर प्रदेश ने बड़े राज्य के अनुरूप ग्लोबल स्टैण्डर्ड के बड़े गंगा एक्सप्रेस-वे और सबसे बड़े नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण किया है। यदि हमारी स्पीड यही रही, तो हम इसे और अच्छे ढंग से आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश देश की विकास यात्रा में नेतृत्वकर्ता बनकर उभरा है। इसमें प्रदेश की एम0एस0एम0ई0 इकाईयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए अनेक रचनात्मक पहलें की गयी हैं। ओ0डी0ओ0पी0 योजना के अन्तर्गत प्रदेश के सभी जनपदों के पारम्परिक उत्पादों को देश-विदेश में विशिष्ट पहचान दिलाने के कार्य हुए हैं। इसी श्रृंखला में ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना की शुरुआत नई कड़ी है।
औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कहा कि औद्योगिक विकास किसी भी राज्य के समग्र, समुचित तथा बहुमुखी विकास की नींव है। इसीलिए मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को सर्वाच्च प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री जी उत्तर प्रदेश की समृद्धि के लिए निरन्तर समर्पित हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश के सबसे प्रगतिशील राज्य के रूप में स्थापित हुआ है।
इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री तथा लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह, एम0एस0एम0ई0 राज्य मंत्री श्री हंस राज विश्वकर्मा, सांसद श्री जसवन्त सिंह सैनी, डॉ0 महेश शर्मा व श्री सुरेन्द्र नागर, विधायक श्री पंकज सिंह, श्री तेजपाल सिंह नागर, श्री धीरेन्द्र सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री नरेन्द्र भाटी, श्री श्रीचन्द शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, अवस्थापना और औद्योगिक विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार, प्रमुख सचिव एम0एस0एम0ई0 श्री शशी भूषण लाल सुशील, सलाहकार मुख्यमंत्री श्री अवनीश कुमार अवस्थी, सी0ई0ओ0 नोएडा अथॉरिटी श्री कृष्णा करुणेश, अध्यक्ष इण्डिया एक्सपोजीशन मार्ट लि0 श्री राकेश कुमार, उद्यमीगण तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
------------------------------ ---
.jpeg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know