बलरामपुर- दिव्यांग बच्चों को बेहतर शिक्षा, प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जनपद में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नील कोठी अचलापुर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित “बचपन डे केयर” की नई बिल्डिंग का शुभारंभ विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला एवं जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा फीता काटकर किया गया।
यह नई बिल्डिंग दिव्यांग बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समावेशी वातावरण प्रदान करेगी। इससे पूर्व बचपन डे केयर खलवा मोहल्ले में संचालित हो रहा था, जहां सीमित स्थान होने के कारण बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था , जिसके दृष्टिगत इसे समाज कल्याण विभाग की रिक्त बिल्डिंग में शिफ्ट किया गया है। नई बिल्डिंग में अब बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण, पर्याप्त स्थान एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
नई बिल्डिंग में दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से फ्रेंडली कक्षाओं का निर्माण कराया गया है। यहां बच्चों की शिक्षा एवं प्रशिक्षण के लिए 11 विशेष शिक्षकों की तैनाती की गई है, जो बच्चों के मानसिक, शैक्षिक एवं सामाजिक विकास के लिए कार्य करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय विधायक बलरामपुर सदर श्री पल्टूराम ने कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी से कम नहीं हैं। उचित मार्गदर्शन, शिक्षा एवं सुविधाएं मिलने पर वे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं उत्साह को देखकर उपस्थित जनप्रतिनिधि ने उनकी सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, माननीय विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला एवं जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा श्रवण बाधित बच्चों को हियरिंग मशीन वितरित की गई। साथ ही सभी दिव्यांग बच्चों को टी-शर्ट एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। बच्चों के चेहरों पर खुशी एवं आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा था। अभिभावकों ने भी नई बिल्डिंग एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं सरकार के प्रति आभार जताया।
इस दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know