खण्ड विकास अधिकारी की घोर लापरवाही आई सामने, ग्रामीणों में आक्रोश
महराजगंज जनपद के फरेंदा विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम सभा सोहरवलिया कला, टोला दर्जी चक में सड़क और जल निकासी की बदहाल व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से गांव की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है और बरसात के समय जलभराव की स्थिति बन जाती है। वहीं नाली निर्माण न होने से गंदा पानी गांव में जमा रहता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं।
ग्रामीणों ने खण्ड विकास अधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत और मांग पत्र देने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला। इसको लेकर गांव में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
“विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि ग्रामीण आज भी सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।”
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे मुख्य विकास अधिकारी (CDO) महराजगंज से मिलकर मामले की शिकायत करेंगे। साथ ही ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव के विकास कार्यों में हुई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know