बलरामपुर- जनपद में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड हरैया सतघरवा के ग्राम मुड़िहवा एवं मोतीपुर खुर्द का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान, दस्तक अभियान, टीकाकरण, पेंशन योजनाओं से संतृप्तिकरण एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभ की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने ग्राम मुड़िहवा एवं मोतीपुर खुर्द में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों का विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे तथा अभियान के तहत प्रत्येक पात्र बच्चे का नामांकन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने ग्राम में आधार कार्ड बनवाने की प्रगति की समीक्षा की तथा कैंप लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निराश्रित महिला पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन योजना से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर विशेष कैंप आयोजित कर उन्हें योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
दस्तक अभियान के तहत जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से फीडबैक प्राप्त कर जागरूकता कार्यक्रमों की स्थिति का आकलन किया। साथ ही टीकाकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा एवं गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा ग्राम स्तर पर सतत मॉनिटरिंग करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, डीसी मनरेगा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

           हिन्दी संवाद न्यूज से
             रिपोर्टर वी. संघर्ष
                बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने