मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन किया
 
प्रधानमंत्री जी ने युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिये उनकी
सॉफ्ट स्किल को एक नया प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया, एस0टी0पी0आई0 द्वारा
विकसित यह सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क उस प्लेटफॉर्म की महत्वपूर्ण कड़ी : मुख्यमंत्री

गोरखपुर के युवाओं को पहली बार ‘प्लग एण्ड प्ले’ मोड
पर स्टार्ट-अप के लिये प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जा रहा

हम भारत में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सुरक्षित
रहकर अपनी विकास यात्रा को अनवरत आगे बढ़ा रहे

किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए प्रत्येक नागरिक को सरकार
के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा, यही सच्ची राष्ट्रभक्ति

प्रत्येक जनपद के प्रशासन को निर्देश कि जैसे रसोई गैस सिलेण्डर की होम डिलीवरी पहले होती, वैसे ही एजेंसियां अब भी घर तक सिलेण्डर पहुंचाती रहेंगी,
जब आपकी बारी आएगी, आप तक रसोई गैस पहुंच जाएगी

जब आवश्यकता हो तभी डीजल व पेट्रोल लेने जाइए, लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं

हमें अपने राष्ट्रीय नेतृत्व को इस बात के लिए धन्यवाद देना चाहिए कि भारत
में सब कुछ अच्छा चल रहा, उत्सव उत्साह पूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे

कल राम नवमी पर्व पर श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर
में सूर्य भगवान प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे

देश में वर्ष 2014 के पश्चात प्रत्येक क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ, युवाओं
के स्केल को स्किल में बदलने के लिये अनेक कार्यक्रम प्रारम्भ किये गये

आगामी 15 अप्रैल को पूर्वी उ0प्र0 के पहले सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारम्भ होगा

राज्य सरकार ने मदन मोहन मालवीय टेक्निकल यूनिवर्सिटी को
ग्रीन हाईड्रोजन एनर्जी के सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस तथा ग्रीन हाईड्रोजन
एनर्जी पर कार्य करने के लिये 50 करोड़ रु0 उपलब्ध कराए

प्रदेश में वर्तमान में 20,000 से अधिक स्टार्टअप,
इनमें से आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित

जनपद गोरखपुर में विगत 09 वर्षों में 01 लाख करोड़ रु0 से अधिक का निवेश

गीडा में विगत 09 वर्षों में 350 से अधिक उद्योग लगे, 15,000 करोड़ रु0 से अधिक का निवेश

गीडा में जिस प्लग एण्ड प्ले मोड पर यह सॉफ्टवेयर पार्क विकसित हुआ,
ऐसे ही यहां एक फ्लैटेड फैक्ट्री के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा

लखनऊ : 26 मार्च, 2026


     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आज का दिन गोरखपुर एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिये अत्यन्त महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिये उनकी सॉफ्ट स्किल को एक नया प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया है। एस0टी0पी0आई0 (सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इण्डिया) द्वारा विकसित यह सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क उस प्लेटफॉर्म की महत्वपूर्ण कड़ी है। इस फील्ड की सबसे बड़ी विशेषता है कि इस फील्ड में स्टार्ट-अप चलाने वाले व्यक्ति को केवल अपना कम्प्यूटर लेकर आना है, उसे विद्युत कनेक्शन, जगह तथा अन्य जनसुविधाओं की चिन्ता नहीं करनी है। आज देश और दुनिया में जहां कहीं भी सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी अपनी धमक दिखा रही है, उसके पीछे यही मॉडल सफल हुआ है। गोरखपुर के युवाओं को पहली बार ‘प्लग एण्ड प्ले’ मोड पर स्टार्ट-अप के लिये प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज गोरखपुर में स्टार्ट-अप्स, एम0एस0एम0ई0 एवं आई0टी0 कम्पनियों को सक्षम प्लेटफॉर्म प्रदान करने हेतु गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र (गीडा) में निर्मित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के सेण्टर का अवलोकन भी किया तथा परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने एस0टी0पी0आई0 से जुड़े सभी अधिकारियों को धन्यवाद देते हुये कहा कि आज उनकी टीम ने गोरखपुर में एस0टी0पी0आई0 पार्क का शुभारम्भ किया है। ज्ञातव्य है कि एस0टी0पी0आई0 द्वारा गोरखपुर (गीडा) में लगभग 3.5 एकड़ भूमि पर, उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 25,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल में इस अत्याधुनिक अवसंरचना का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया युद्ध, अव्यवस्था तथा अराजकता से जूझ रही है, लेकिन हम भारत में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सुरक्षित रहकर अपनी विकास यात्रा को अनवरत आगे बढ़ा रहे हैं। यदि यह युद्ध लम्बा खिंचा तो, प्रत्येक व्यक्ति प्रभावित होगा। हमें इसके लिये मानसिक रूप से तैयार रहना होगा। अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दे। किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए प्रत्येक नागरिक को सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। यही सच्ची राष्ट्रभक्ति होती है। जब हम किसी भी राष्ट्रीय मुद्दे पर सरकार के साथ मिलकर काम करते हैं, तो अच्छे परिणाम प्राप्त होते हैं। प्रदेश सरकार ने प्रत्येक जनपद के प्रशासन को निर्देशित किया है कि जैसे रसोई गैस सिलेण्डर की होम डिलीवरी पहले होती थी, वैसे ही एजेंसियां अब भी घर तक सिलेण्डर पहुंचाती रहेंगी। लोगों को लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है। जब आपकी बारी आएगी, आप तक रसोई गैस पहुंच जाएगी। जब आवश्यकता हो, तभी डीजल व पेट्रोल लेने जाइए। वहां भी लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है।
प्रदेश के युवाओं में विलक्षण प्रतिभा है। जब हम प्रतिभा को तकनीक से जोड़ते हैं, तो वह तेजी के साथ आगे बढ़ने में सफल होते हैं। यही कार्य प्रधानमंत्री जी ने पूरे देश में किया है। भारत में दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी हैं। युवाओं के पास स्केल था, किन्तु वर्ष 2014 से पूर्व सरकारों ने युवाओं के स्केल को महत्व नहीं दिया। उनके स्केल को स्किल में बदलने का प्रयास नहीं किया। उन्हें कोई प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं कराया। परिणामस्वरूप युवा हतोत्साहित तथा निराश होकर पलायन करते थे। देश में वर्ष 2014 के पश्चात प्रत्येक क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। राष्ट्रीय महत्व के दृष्टिगत देश में जनपद स्तर पर युवाओं के स्केल को स्किल में बदलने के लिये अनेक कार्यक्रम प्रारम्भ किये गये। आज सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन इस श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में यदि कोई भी युवा अपने नवाचार के लिये मंच चाहता है, तो एस0टी0पी0आई0 उसे मंच उपलब्ध कराने के लिये तैयार है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वासंतीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि को इसका उद्घाटन होना इस शुभ लक्षण की ओर हमारा ध्यान आकर्षित करता है कि इसका भविष्य अत्यन्त उज्ज्वल है। गीडा क्षेत्र में दो-दो इन्जीनियरिंग कॉलेज स्थित है। गोरखपुर में मदन मोहन मालवीय टेक्निकल यूनिवर्सिटी तथा कई पॉलीटेक्निक स्थित हैं। यहां एम0पी0आई0टी0 के रूप में टेक्निकल यूनिवर्सिटी इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ आयी है। आगामी 15 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहले सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारम्भ होने जा रहा है। यह सभी कार्यक्रम दिखाते हैं कि अब केवल हार्डवेयर के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में भी पूर्वी उत्तर प्रदेश का युवा अपनी प्रतिभा का परिचय वैश्विक मंच पर देने में सफल हो पायेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमें अपने राष्ट्रीय नेतृत्व को इस बात के लिए धन्यवाद देना चाहिए कि भारत में सब कुछ अच्छा चल रहा है। उत्सव उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे हैं। वासंतीय नवरात्रि के कार्यक्रम हो रहे हैं। कल रामनवमी का कार्यक्रम उत्साहपूर्ण तरीके से मनाया जायेगा। दोपहर 12ः00 बजे श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर पर सूर्य भगवान प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों को वांसतीय नवरात्रि और राम नवमी की बधाई तथा शुभकामनाएं देते हुये कहा कि प्रभु श्रीराम और जगत जननी मां भगवती प्रदेशवासियों के जीवन में सुख और समृद्धि लाए तथा हर प्रकार से समृद्धि की नई ऊंचाइयां प्रदान करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में अनेक अभियान प्रारम्भ किये गए हैं। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष के बजट में टेक्नोलॉजी पर विशेष ध्यान केन्द्रित किया है। वर्तमान समय में टेक्नोलॉजी हमारी कार्य करने की गति को कई गुना बढ़ा सकती है। हमारी गति को प्रगति में बदल सकती है। प्रगति के इसी मार्ग पर हम निरन्तर आगे बढ़ रहे हैं। जब हम तकनीक नहीं अपनाते, तो प्रतिस्पर्धा में काफी पीछे छूट जाते हैं। कल मदन मोहन मालवीय टेक्निकल यूनिवर्सिटी में अत्याधुनिक साइबर फॉरेंसिक्स लैब का उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नया भारत विरासत और विकास पर विश्वास करता है। भविष्य की एनर्जी के लिए हमें किसी अन्य देश पर निर्भर न रहना पड़े, ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी इसका माध्यम बनने वाली है। राज्य सरकार ने मदन मोहन मालवीय टेक्निकल यूनिवर्सिटी को ग्रीन हाईड्रोजन एनर्जी के लिये सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस तथा ग्रीन हाईड्रोजन एनर्जी पर कार्य करने के लिये 50 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करायी है। इस टेक्नोलॉजी के सम्बन्ध में जापान के साथ हमारी बातचीत हुई है। जापान इस टेक्नोलॉजी में काफी एडवांस स्टेज में है। हम जापान के साथ मिलकर इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा सरकार युवाओं के आइडियाज को प्लेटफॉर्म प्रदान करने का काम कर रही है। प्रदेश के जिस क्षेत्र में जो सम्भावनायें हैं, उस प्रकार के सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जा रहे हैं। पिछले बजट में कानपुर आई0आई0टी0 में मेडटेक के लिए एक सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने में सहयोग किया गया। एस0जी0पी0जी0आई0 लखनऊ में भी एक सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने की कारवाई को आगे बढ़ाया गया। कानपुर में लेदर व ड्रोन टेक्नोलॉजी का सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा में रोबोटिक्स का सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई है। वहां अनेक कम्पनियां इस फील्ड में काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एग्रीटेक व एग्रीकल्चर के क्षेत्र में टेक्नोलॉजी के उपयोग हेतु हम विश्व बैंक के साथ मिलकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के 21 और बुन्देलखण्ड के 07 जनपदों में काम कर रहे हैं। यह स्टार्टअप डेयरी, मत्स्य पालन तथा अन्य क्षेत्रों में भी स्थापित हो सकते हैं। सॉफ्टवेयर क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं हैं। बेहतरीन चिकित्सालयों, विशेषज्ञ डॉक्टरों, एम्बुलेंस की उपलब्धता के सम्बन्ध में सॉफ्टवेयर मरीजों को आसानी से गाइड कर सकता है। एम्बुलेंस की ससमय उपलब्धता मरीजों को गोल्डन आवर या उससे पूर्व अस्पताल पहुंचाने में सहायता करती है। ऐसे ही, सॉफ्टवेयर का प्रयोग ट्रैफिक तथा अन्य क्षेत्रों में भी किया जा सकता है। अब इस फील्ड में अनेक लोग काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एस0टी0पी0आई0 ने गोरखपुर को विभिन्न प्रकार के स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के लिए चुना। देश के अन्य क्षेत्रों में स्थित एस0टी0पी0आई0 के सफल मॉडल, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क तथा अच्छे स्टार्टअप्स समय-समय पर यहां के युवाओं को उत्साहित करेंगे तथा उन्हें आगे बढ़ाने में सहायता करेंगे। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क आपको अनेक अवसर स्थानीय रूप से उपलब्ध करा सकता है। यदि एस0टी0पी0आई0, गोरखपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के तकनीकी व उच्च शिक्षा से जुड़े संस्थानों को इस अभियान से जोड़ेगा, तो युवाआें के मन में स्टार्टअप संस्कृति को आगे बढ़ाने तथा सॉफ्टवेयर के माध्यम से कार्य सम्पन्न करने में सहजता प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में विगत 11 वर्षों में जिस स्टार्टअप संस्कृति को आगे बढ़ाया गया है, उसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 20,000 से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं। इनमें से आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित हैं। महिलाएं इस फील्ड में अच्छा कर रही हैं। आप में से प्रत्येक व्यक्ति में स्टार्टअप स्थापित करने की प्रतिभा है, लेकिन इसके लिये आपको मंच चाहिए। मंच प्रदान करने का काम एस0टी0पी0आई0 करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गीडा ने विगत 09 वर्षों में नवनिर्माण की नई प्रगति को देश और दुनिया के समक्ष रखा है। एक समय था कि गीडा में केवल दो उद्योग लगे थे। इन उद्योगों में केवल 29 से 30 करोड़ रुपये की पूंजी लगी थी। विगत 09 वर्षों में यहां 350 से अधिक उद्योग लगे हैं। 15,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। गीडा ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए 50,000 से अधिक नौकरी और रोजगार की सम्भावनायें विकसित की हैं। गीडा में जिस प्लग एण्ड प्ले मोड पर यह सॉफ्टवेयर पार्क विकसित हुआ है, ऐसे ही यहां पर प्रदेश सरकार एक फ्लैटेड फैक्ट्री के कार्यक्रम को लेकर आई है। यह फ्लैटेड फैक्ट्री रेडीमेड गारमेन्ट्स के क्षेत्र में काम करने में लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी। यहां प्लास्टिक पार्क विकसित हो रहा है। अच्छी-अच्छी फैक्ट्रियां लग रहीं, जो आने वाले समय में यहां के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद गोरखपुर में विगत 09 वर्षों में 01 लाख करोड़ रुपये से अधिक धनराशि का निवेश किया गया है। यहां एम्स, आयुष विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक व इन्जीनियरिंग संस्थान तथा स्किल डेवलपमेंट सेन्टर का निर्माण किया गया। बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक बना। फर्टिलाइजर कारखाना तथा पिपराइच में चीनी मिल का निर्माण हुआ। गोरखपुर को चारों ओर से सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ा गया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से यहां से लखनऊ के लिए एक वैकल्पिक मार्ग प्राप्त हुआ। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर से वाराणसी, गोरखपुर से नेपाल, गोरखपुर से देवरिया तथा गोरखपुर से कुशीनगर की कनेक्टिविटी प्रदान की गयी। गोरखपुर के अंदर सड़कों का निर्माण किया गया। यहां लोगों को अन्य अनेक प्रकार की सुविधाओं से भी जोड़ा गया।
कार्यक्रम में एस0टी0पी0आई0 से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
कार्यक्रम को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री अजीत पाल, सांसद श्री रवि किशन शुक्ल, विधायक श्री प्रदीप शुक्ल तथा एस0टी0पी0आई0 के महानिदेशक श्री अरविन्द कुमार ने सम्बोधित किया।
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद, विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, विधायक श्री फतेह बहादुर सिंह, श्री राजेश त्रिपाठी, श्री बिपिन सिंह, श्री महेन्द्र पाल सिंह, श्रीराम चौहान, इंजी0 सरवन कुमार निषाद, गोरखपुर के महापौर डॉ0 मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग श्रीमती चारू चौधरी, सलाहकार मुख्यमंत्री श्री अवनीश कुमार अवस्थी सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने