बलरामपुर- भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत आयुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील एवं जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार जैन ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने नगर पालिका बलरामपुर के मोहल्ला नई बस्ती एवं अलीजानपुरवा तथा विकास खंड बलरामपुर के ग्राम विशुनापुर के खमउवा में जाकर डोर-टू-डोर सत्यापन की कार्यवाही का जायजा लिया। अधिकारियों ने घर-घर जाकर नागरिकों से संवाद किया तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और आवश्यक संशोधन के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने नागरिकों से वार्ता करते हुए कहा कि जो भी युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए फॉर्म-06 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि समय पर पंजीकरण से प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेगा।
*बीएलओ को दिए आवश्यक निर्देश*
इस अवसर पर संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। सभी पात्र व्यक्तियों का फॉर्म-06 भरवाने, सत्यापन प्रक्रिया को गंभीरता से पूर्ण करने तथा मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन रखने के लिए सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व व अन्य संबंधित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know