बलरामपुर- जनपद में महिला एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में माननीय विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, माननीय विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला एवं माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान मा० मुख्यमंत्री जी का वर्चुअल संबोधन प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित मा० जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों एवं नव नियुक्त कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा ध्यानपूर्वक सुना गया। अपने संबोधन में मा० मुख्यमंत्री जी ने महिला सशक्तिकरण, सुपोषण अभियान एवं आंगनबाड़ी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल देते हुए सभी को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रेरित किया।
*जनपद स्तरीय कार्यक्रम 17 आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं 183 सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र*
इस अवसर पर जनपदस्तरीय कार्यक्रम में चयनित 17 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 
विकास खंड—रेहरा बाजार, गैसड़ी एवं उतरौला की 183 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को माननीय विधायक बलरामपुर सदर श्री पल्टूराम, माननीय विधायक तुलसीपुर श्री कैलाश नाथ शुक्ला एवं माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह एवं आत्मविश्वास का वातावरण देखने को मिला।
*डिजिटल सशक्तिकरण: 1915 स्मार्टफोन से मजबूत होगा आंगनबाड़ी तंत्र*
महिला एवं बाल विकास सेवाओं को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने हेतु जनपद में कार्यरत आंगनबाड़ी तंत्र को 1915 सैमसंग 5G मोबाइल फोन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से 15 मुख्य सेविकाओं को कार्यक्रम में मोबाइल वितरित किए गए, जिससे पोषण ट्रैकिंग, डेटा अपडेट एवं मॉनिटरिंग कार्य और अधिक प्रभावी होगा।
*6 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण*
कार्यक्रम के दौरान जनपद में नव निर्मित 6 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण भी किया गया, जिनमें—
अचकवापुर (पचपेड़वा), विरदाकनिया भारी (उतरौला), देवरिया आदम (रेहरा बाजार), रतनपुर झिंगहा (गैसड़ी), देवपुरा एवं बनघुसरी (हरैया सतघरवा) शामिल हैं।
इन केंद्रों के माध्यम से बाल विकास, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
*मा० विधायक ने दी शुभकामनाएं, दायित्वों के निर्वहन पर दिया जोर*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय विधायक सदर पल्टूराम ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जा रहा है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं जमीनी स्तर पर समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी नव नियुक्त कर्मियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें और जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान दें।
माननीय विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला ने भी सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
*गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम*
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों द्वारा नव नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
*जनपद में विकास एवं सुपोषण को मिलेगा नया बल*
यह नियुक्ति वितरण कार्यक्रम जनपद में महिला सशक्तिकरण, सुपोषण एवं बाल विकास सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचेगा।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने