बलरामपुर- मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा संचालित टेलीमानस (Tele MANAS) सेवा जनपद बलरामपुर में प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि टेलीमानस सेवा के माध्यम से मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता, नशा मुक्ति, पारिवारिक समस्याओं सहित विभिन्न मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों पर विशेषज्ञ ऑन लाइन परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने बताया कि टेलीमानस सेवा 24×7 निःशुल्क हेल्पलाइन 14416 के माध्यम से आमजन के लिए उपलब्ध है। इस सेवा के जरिए प्रशिक्षित काउंसलर और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा गोपनीयता के साथ परामर्श दिया जाता है, जिससे लोग बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, आर्थिक दबाव और सामाजिक कारणों से मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में टेलीमानस सेवा ग्रामीण व दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है, जहां विशेषज्ञ सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि मानसिक तनाव या किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी होने पर इसे नजरअंदाज न करें और टेलीमानस हेल्पलाइन का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन ही स्वस्थ समाज की नींव है और टेलीमानस सेवा इसी दिशा में एक सशक्त पहल है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा टेलीमानस सेवा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण सेवा से जुड़ सकें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know