तेज रफ्तार की बलि चढ़ा एक और छात्र, परीक्षा केंद्र देखने निकला आकाश घर नहीं लौटा, दर्दनाक मौत
दो साथी गंभीर रूप से घायल, हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर
गोण्डा। सवाल यह नहीं है कि सड़क हादसे हो रहे हैं, सवाल यह है कि कब तक प्रशासन आंखें मूंदे रहेगा? इसी क्रम में थाना परसपुर क्षेत्र के शाहपुर भौरीगंज मार्ग पर गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां परीक्षा केंद्र देखने जा रहे 16 वर्षीय छात्र आकाश की सड़क दुर्घटना में मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश, निवासी गौरा सिंहनापुर अपने दो साथियों सुरेन्द्र और लवकुश के साथ बाइक से परसपुर स्थित तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज जा रहा था। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि शाहपुर भौरीगंज मार्ग पर आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद अब तक कोई ठोस यातायात व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
न तो स्पीड ब्रेकर, न चेतावनी बोर्ड और न ही पुलिस की नियमित गश्त—नतीजा आज एक होनहार छात्र की मौत के रूप में सामने है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि जांच और कार्रवाई की औपचारिकता पहले भी कई बार निभाई जा चुकी है, लेकिन हालात जस के तस हैं।
परीक्षा की तैयारी कर रहा छात्र अब कभी परीक्षा नहीं देगा—यह सवाल प्रशासन से है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही सड़क सुरक्षा को लेकर कदम उठाए जाएंगे? इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, जनता एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही की मांग कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know