बलरामपुर- जनपद के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम विभाग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने जनपद बलरामपुर में संचालित विकास कार्यों,जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शेष वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने जनपद की समग्र प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उपलब्ध बजट का समुचित एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए,ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंच सके।
विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना,तुलसीपुर में आरओबी निर्माण, जिला चिकित्सालय में 100 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट,पीएम किसान सम्मान निधि, 15वें एवं 5वें राज्य वित्त आयोग के व्यय, वीबीजीरामजी (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण/शहरी), मुख्यमंत्री आवास योजना,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प,संचारी रोग नियंत्रण अभियान, वृक्षारोपण अभियान तथा आईजीआरएस की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंत्री ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सर्वे में पात्र पाए गए लगभग 41 हजार आवासों के लक्ष्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता न किया जाए।
जल जीवन मिशन पर विशेष निर्देश
जल जीवन मिशन के अंतर्गत नए कार्यों के दौरान नई सड़कों को अनावश्यक रूप से न काटने तथा बोर सिस्टम के माध्यम से कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही,जहां भी पाइपलाइन कार्यों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं,उन्हें पुनः नए जैसी स्थिति में बहाल करने पर जोर दिया गया।
युवाओं और स्वयं सहायता समूहों पर फोकस
मंत्री ने सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान, सीएम स्वरोजगार योजना एवं खादी ग्रामोद्योग योजनाओं से अधिक से अधिक युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा लक्ष्य से अधिक उपलब्धि प्राप्त करने पर बल दिया।
नवाचारों की प्रस्तुति
बैठक में प्रोजेक्ट संवर्धन, निराश्रित गोवंश संरक्षण, गोचर भूमि में हरा चारा उत्पादन, गोवंश टीकाकरण एवं ईयर टैगिंग, कुओं के जीर्णोद्धार, थारू गांवों में विद्युतीकरण एवं संपर्क मार्ग,बाल सेवा योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना,परिवहन विभाग के सड़क सुरक्षा कार्यों सहित कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में ड्रीम बोर्ड,सरकारी स्कूलों में आंतरिक नक्षत्रशाला तथा 70 विद्यालयों में टैब लैब से पढ़ाई जैसे नवाचारों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
मंत्री ने निर्देश दिए कि जनता दर्शन एवं आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शेष वित्तीय वर्ष में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर बेहतर तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक बलरामपुर पल्टूराम,विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता,जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, नगर पालिका बलरामपुर के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ज्योति राय,अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मुकेश रस्तोगी सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने