बलरामपुर- भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान’ के तहत मंगलवार को तुलसीपार्क स्थित अटल भवन कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी मंडलों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने की।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिले भर में सात प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में इतिहास एवं विकास, वैचारिक अधिष्ठान, कार्य पद्धति, कार्य विस्तार की दृष्टि, बूथ प्रबंधन (मन की बात, टिफिन बैठक एवं बूथ स्तर के स्थायी कार्यक्रम), सरकार की उपलब्धियां व उनका क्रियान्वयन, सोशल मीडिया,नमो व सरल ऐप तथा एआई आधारित कार्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर पदाधिकारियों का चयन कर लिया गया है और शीघ्र ही मंडल स्तर पर भी चयन प्रक्रिया पूरी कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने जानकारी दी कि सात मार्च से मंडल स्तर पर प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ किया जाएगा। अलग-अलग तिथियों में मंडलों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई भी पद स्थायी नहीं होता और एक सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन में निचले स्तर से लेकर शीर्ष तक पहुंच सकता है।
महा अभियान के संयोजक अजय सिंह पिंकू ने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य ‘व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ है। मंडल स्तर पर दो दिवसीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी,जिनमें पदाधिकारी रात्रि विश्राम भी करेंगे। जिला से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा आरती तिवारी,पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सिंह,चन्द्र प्रकाश सिंह गुड्डू,अनूप चन्द्र गुप्ता,राम कृपाल शुक्ल,बिन्दू विश्वकर्मा,दुष्यंत चौधरी,रवि वर्मा,प्रिंस वर्मा,पंकज सिंह,महिपाल चौधरी,हेमंत जायसवाल,बृजेन्द्र तिवारी,आद्या सिंह पिंकी,राम करन मिश्र,विष्णु देव गुप्ता,वरूण सिंह मोनू,अवधेश तिवारी तरुण,श्याम मनोहर तिवारी,मीडिया प्रभारी डीपी सिंह,मीडिया संयोजक अवधेश पाण्डेय,ललिता तिवारी,दयाराम प्रजापति,अनन्य गौरव मिश्रा,अमरनाथ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know