बलरामपुर- महाशिवरात्रि पर बलरामपुर में 57वीं भव्य शिव बारात, शिव विवाह के साथ हुआ ऐतिहासिक समापन
बलरामपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर में भगवान भोलेनाथ की भव्य शिव बारात परंपरागत उल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ निकाली गई। शिव नाट्यकला मंडल के तत्वावधान में आयोजित 57वें वार्षिकोत्सव के अंतर्गत शिव बारात निर्धारित समय पर रामलीला मैदान से प्रारंभ हुई और नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः निर्धारित स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से शिव विवाह के साथ संपन्न हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक पलटू राम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी तथा समिति अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भगवान शिव की आरती उतारी। तत्पश्चात ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।
शोभायात्रा में रथों पर सवार भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती एवं अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बारह ज्योतिर्लिंग, नंदी की भव्य झांकी, मां दुर्गा महिषासुर मर्दन, राम दरबार, श्रवण कुमार तथा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग भर “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो उठा।
शोभायात्रा रामलीला मैदान से मेजर चौराहा, अंबेडकर तिराहा, वीर विनय चौराहा होते हुए झारखंडी महादेव मंदिर पहुंची। दर्शन उपरांत यात्रा सराय फाटक, सब्जी मंडी, चौक, गर्ल्स कॉलेज, देवी दयाल तिराहा, बड़े पुल और मेन चौक से होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंची, जहां शिव विवाह के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।
समिति अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। वॉकी-टॉकी टीम एवं स्वयंसेवकों ने भीड़ प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अक्षत शुक्ला ने शिव की भूमिका में प्रभावशाली अभिनय प्रस्तुत किया। नगरवासियों ने भव्य आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
               रिपोर्टर वी. संघर्ष
                  बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने