जलालपुर (अंबेडकर नगर)।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के अंतर्गत शुक्रवार को जनता माध्यमिक विद्यालय सुरहुरपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता थानाध्यक्ष मालीपुर ने की।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम की महिला उपनिरीक्षक सविता और महिला कांस्टेबल क्षमा सचान ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 108 (एंबुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर अपराध सहायता) — के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि संकट की किसी भी स्थिति में इन नंबरों का प्रयोग किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया पर सतर्कता और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी गई। महिला उपनिरीक्षक सविता ने कहा कि हर बालिका को आत्मविश्वासी होकर अपनी सुरक्षा स्वयं करनी चाहिए, वहीं कांस्टेबल क्षमा सचान ने कहा कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know