मुख्यमंत्री गोरखपुर में आयोजित ‘प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी
पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता’ के समापन समारोह में सम्मिलित हुए

‘प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता’ के अन्तर्गत
उ0प्र0 केसरी, उ0प्र0 कुमार तथा वीर अभिमन्यु टाइटल विजेताओं
को पुरस्कार राशि, गदा व प्रमाण पत्र प्रदान किए

यह परम्परागत कुश्ती प्रतियोगिता पूर्वी उ0प्र0 सहित पूरे उ0प्र0
के लिए एक नया उत्साह व उमंग का प्रतिमान बन रही : मुख्यमंत्री

कुछ वर्षों से इस प्रतियोगिता में कुश्ती को
कैरियर के रूप में आगे बढ़ाने वाले युवा जुड़ रहे

स्वस्थ शरीर के लिए नियमित और अनुशासित दिनचर्या आवश्यक

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश में विगत 11 वर्षों
में खेल और खेल गतिविधियों में भारी परिवर्तन देखने को मिला

पुलिस वर्ल्ड चैम्पियनशिप में उ0प्र0 पुलिस ने
देश में प्रथम व विश्व में तीसरा स्थान प्राप्त किया

राज्य सरकार द्वारा ओलम्पिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश की खेल नीति के तहत नौकरी उपलब्ध करायी जा रही

प्रदेश सरकार ने अब तक 500 कुशल खिलाड़ियों
को आर्थिक सहायता के साथ सम्मानजनक नौकरी दी

प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में विगत 08 वर्षों में प्रदेश सरकार ने खेल
गतिविधियों में वृद्धि, खेल अवस्थापना सुविधाओं में वृद्धि तथा
खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए अनेक कार्य किये

गांवों में खेल के मैदान उपलब्ध, ब्लॉक स्तर पर मिनी
स्टेडियम, जनपद स्तर पर स्टेडियम बनाने का कार्य किया
 
लखनऊ : 29 जुलाई, 2025

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज जनपद गोरखपुर में आयोजित ‘प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता’ के समापन समारोह में सम्मिलित हुए। उन्होंने ‘प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता’ के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार तथा वीर अभिमन्यु टाइटल विजेताओं को पुरस्कार राशि, गदा व प्रमाण पत्र प्रदान किए।
  इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने नाग पंचमी की बधाई देते हुए कहा कि नाग पंचमी पर आयोजित होने वाली यह परम्परागत कुश्ती प्रतियोगिता पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक नया उत्साह व उमंग का प्रतिमान बन रही है। विगत सैकड़ों वर्षों से गोरखनाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित इस कुश्ती प्रतियोगिता में पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौजवान ही जुड़ते थे, किन्तु पिछले कुछ वर्षों से इस प्रतियोगिता में कुश्ती को कैरियर के रूप में आगे बढ़ाने वाले युवा भी जुड़ रहे हैं। उन्हें इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार व वीर अभिमन्यु के सम्मानजनक खिताब की ट्रॉफी भी उपलब्ध करायी जाती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति प्राचीन काल से ही ‘शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्’ अर्थात धर्म के सभी साधन एक स्वस्थ शरीर से पूरे हो सकते हैं, की अवधारणा को मानती है। स्वस्थ शरीर के लिए नियमित और अनुशासित दिनचर्या आवश्यक है। इस संयम व दिनचर्या के बाद हम सबको किसी न किसी खेल गतिविधि से जुड़ना चाहिए। खिलाड़ी जो नियमित अभ्यास के साथ अनुशासित भी रहते हैं, उनकी नियमित दिनचर्या भी बहुत संयमित रहती है। आलस्य का उनके जीवन में कोई स्थान नहीं रहता है। इसी कारण उनकी आरोग्यता, उनके लिए सदैव उपयोगी बनी रहती है। यही खिलाड़ी जब प्रोफेशनल रूप से खेल से जुड़ते हैं, तो न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे समाज, पूरे प्रदेश व पूरे राष्ट्र का नाम दुनिया में रोशन करते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश में विगत 11 वर्षों में खेल और खेल गतिविधियों में भारी परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने देश के युवाओं और हर उम्र के नागरिकों को खेल एवं खेल गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। खेलो इण्डिया अभियान सहित अन्य खेल कार्यक्रमों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विगत 11 वर्षों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने ओलम्पिक, राष्ट्रमण्डल खेल, एशियन गेम्स, विश्व चैम्पियनशिप व अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी खेल की विविध विधाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में विगत 08 वर्षों में प्रदेश सरकार ने खेल गतिविधियों में वृद्धि, खेल अवस्थापना सुविधाओं में वृद्धि तथा खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए अनेक कार्य किये हैं। प्रदेश सरकार द्वारा ओलम्पिक, कामनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स व अन्य अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सार्वजनिक रूप से सम्मान करने के साथ ही जनपद स्तर, ब्लाक स्तर व ग्रामीण स्तर पर खेलकूद की गतिविधियों में वृद्धि हेतु अवस्थापना सुविधाओं में लगातार वृद्धि की गयी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब गांवों में खेल के मैदान उपलब्ध हैं। सरकार द्वारा ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम, जनपद स्तर पर स्टेडियम बनाने का कार्य किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा युवक मंगल दल व महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराये गये हैं। राज्य सरकार द्वारा ओलम्पिक, एशियन गेम्स, कामनवेल्थ गेम्स में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश की खेल नीति के तहत नौकरी भी उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। खिलाड़ियों को नौकरी देने में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। प्रदेश सरकार ने अब तक 500 कुशल खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता के साथ सम्मानजनक नौकरी दी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हाल ही में आयोजित पुलिस वर्ल्ड चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश पुलिस ने देश में प्रथम व विश्व में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। सरकार जब प्रोत्साहित करती है तो हमारा युवा अपनी पूरी ऊर्जा को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में लगा देता है। आज यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार, वीर अभिमन्यु के रूप में इस कुश्ती प्रतियोगिता में भी देखने को मिला है। यहां प्रतिभाग करने वाले 300 खिलाड़ी अभिनंदन के पात्र हैं। जो खिलाड़ी आज सफलता प्राप्त कर रहे हैं, उनके लिए अच्छी बात है, लेकिन जिन खिलाड़ियों ने यहां प्रतिभाग किया, वे भी सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां आयोजित इस प्राइजमनी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 300 पहलवानों का सम्मान करने के साथ ही, उत्तर प्रदेश केसरी के अन्तर्गत 80 किलोग्राम से अधिक भार वाले खिलाड़ियों में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 01 लाख 01 हजार रुपये, 51 हजार रुपये व 21 हजार रुपये तथा गदा के साथ प्रमाण पत्र दिया गया है। उत्तर प्रदेश कुमार के अन्तर्गत 60-80 किलोग्राम भार में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 01 लाख रुपये, 51 हजार रुपये व 21 हजार रुपये तथा गदा के साथ प्रमाण पत्र दिया गया है। 55-60 किलोग्राम भार में वीर अभिमन्यु पुरस्कार के तहत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 51 हजार रुपये, 25 हजार रुपये एवं 11 हजार रुपये तथा गदा के साथ प्रमाण पत्र दिया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आम तौर पर लोग सांपों से डरते हैं, किन्तु प्रत्येक मनुष्य के शरीर में एक आध्यात्मिक शक्ति है, जिसे हम समान्य भाषा में सर्पेन्ट पावर कहते हैं। हम सब इस शक्ति को अष्टसिद्धि व नवनिधि के माध्यम से प्राप्त करने हेतु उत्सुक दिखाई देते हैं। सभी साधु, सन्यासी एवं अन्य लोग इस शक्ति को प्राप्त करने लिए लालायित रहते हैं। हमारी परम्परा में इसी आध्यात्मिक शक्ति तथा शारीरिक शक्ति को प्राप्त करने का अवसर नाग पंचमी पर्व पर दिखाई देता है। सांप को देखकर लोग भागते हैं, लेकिन नाग पंचमी के दिन दूध व लावा के भोग के साथ हम सर्पों का सम्मान और पूजा करते हैं। यह कार्य हमारी संस्कृति का जीव प्राणी के प्रति हमारे सम्मान को प्रदर्शित करता है। यह पर्व हमें बताता है कि इस ब्रम्हाण्ड में केवल मनुष्य ही नहीं, बल्कि अन्य जीव सृष्टि भी है और सभी के सम्मिलित जीवन से ही संसार आगे बढ़ता है।
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में शुरू खेलो इण्डिया कार्यक्रम तथा सांसद खेल प्रतियोगिता के माध्यम से देश व प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विकास के नये आयाम गढ़ रहा है। आज खेल विभाग निश्चित रूप से आगे बढ़ रहा है। खिलाड़ियों को खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर, बेहतर सुविधाएं व सरकारी सेवाओं में नौकरी मिल रही हैं। उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने