सी.एम.एस. छात्रा ‘गोल्ड स्टार आथर’ अवार्ड से सम्मानित
लखनऊ, 29 मई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज प्रथम कैम्पस की छात्रा अंजली द्विवेदी को साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु ‘गोल्ड स्टार आॅथर’ अवार्ड से नवाजा गया है। अंजली को यह अवार्ड उसकी पुस्तक ‘टेपेस्ट्री आॅफ डायवर्सिटी - इण्डिया’ के लिए साहित्यिक प्रकाशन ‘ब्रिबुक्स’ द्वारा प्रदान किया गया है। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि साहित्य एवं पर्यावरण के क्षेत्र में अंजली की विशेष रूचि है तथापि इस प्रतिभाशाली छात्रा ने कम उम्र में ही अपने लेखन कौशल में अभूतपूर्व उपलब्धि अर्जित की है। सी.एम.एस. की इस बाल लेखिका ने अभी तक पाँच पुस्तकें लिखी है, जिनमें ‘द ब्रेव एलियन्स एनीमल’, ‘ग्लोबल वार्मिंग’ आदि प्रमुख हैं। अंजली की ये सभी पुस्तकें पर्यावरण एवं जैव विविधता पर आधारित हैं, जिसके माध्यम से इस बाल लेखिका ने किशोर व युवा पीढ़ी को देश की समृद्ध विरासत से अवगत कराते हुए पर्यावरण संवर्धन हेतु प्रेरित किया है। सी.एम.एस. की प्रतिभाशाली छात्रा ने सिद्ध कर दिया कि युवा लेखकों की कलम में इतनी ताकत है कि वे अपने सृजनात्मक लेखन के द्वारा समाज में रचनात्मक परिवर्तन लाने में सक्षम हैं। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. भारती गाँधी ने अंजली की बहुमुखी प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को उनकी शैक्षिक रूचि के अनुसार विभिन्न विषयों में उचित मार्गदर्शन व प्रोत्साहन प्रदान करता है, जिसकी बदौलत सी.एम.एस. छात्र न सिर्फ शैक्षिक क्षेत्र में अपितु समाज के अन्य बहुतेरे क्षेत्रों में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं, साथ ही साथ रचनात्मक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी बहुमुखी प्रतिभा की छाप छोड़कर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know