मुख्यमंत्री ने न्यूज चैनल लाइव टाइम्स द्वारा आयोजित
एल0टी0 एक्सचेंज कार्यक्रम का शुभारम्भ किया
सफलता और असफलता जीवन के दो महत्वपूर्ण आयाम, टीम बनाकर सकारात्मक भाव और ऊर्जा के साथ कार्य की शुरूआत करने से सफलता अवश्य प्राप्त होती : मुख्यमंत्री
उ0प्र0 देश का हृदय स्थल, यहां भारत की आत्मा निवास करती
आज उ0प्र0 की अर्थव्यवस्था नम्बर-2 पर, राज्य को 01 ट्रिलियन
डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए अनेक कदम उठाये गये
प्रदेश की कोल, सहरिया, थारू, मुसहर आदि
जनजातियों को सभी योजनाओं से आच्छादित किया गया
देश के एक्सप्रेस-वे का 55 प्रतिशत नेटवर्क प्रदेश में, यहां सर्वाधिक मेट्रो का संचालन
राज्य में रेलवे का सबसे बड़ा संजाल, एयर कनेक्टिविटी का सबसे अच्छा
नेटवर्क, देश की पहली रैपिड रेल तथा पहला इनलैण्ड वॉटर-वे प्रदेश में संचालित
केन्द्र सरकार द्वारा संचालित 45 से अधिक योजनाओं में उ0प्र0 लीड कर रहा
प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारम्भ किया गया स्वच्छ भारत मिशन
स्वच्छता में वृद्धि के साथ-साथ नारी गरिमा का प्रतीक बन रहा
केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को हर एक तबके तक पहुंचाने
का कार्य किया गया, कानून व्यवस्था को बेहतर किया गया
वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में लाखों की संख्या में पर्यटक
आते थे, आज यह संख्या करोड़ों में पहुंच रही
टूरिज्म सेक्टर अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करता,
साथ ही, रोजगार सृजन का माध्यम भी बनता
अन्नदाता किसानों, युवाओं, श्रमिकों, महिलाओं तथा निवेश आदि के
मुद्दे को लेकर राज्य के प्रत्येक सेक्टर में नया परिवर्तन देखने को मिल रहा
लखनऊ : 29 अप्रैल, 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि सफलता और असफलता जीवन के दो महत्वपूर्ण आयाम हैं। सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि हमने कार्य की शुरूआत कैसे की। टीम बनाकर सकारात्मक भाव और ऊर्जा के साथ कार्य की शुरूआत करने से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। देर से मिलने वाली सफलता स्थायी रूप में हमारे सामने आती है। शार्टकट माध्यम से प्राप्त होने वाली सफलता क्षणिक होती है। लाइव टाइम्स छोटी सी अवधि में अपनी शानदार यात्रा के साथ आगे बढ़ा है। एन0सी0आर0 में लाइव टाइम्स का शुभारम्भ करने का अवसर प्राप्त हुआ था। हम तत्कालीन चुनौतियों को पार करते हुए आगे बढ़ चुके हैं।
मुख्यमंत्री जी आज यहां न्यूज चैनल लाइव टाइम्स द्वारा आयोजित एल0टी0 एक्सचेंज कार्यक्रम का शुभारम्भ करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। यह देश का हृदय स्थल है। भारत की आत्मा उत्तर प्रदेश में निवास करती है। सन् 1950 में उत्तर प्रदेश देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था था। यहां की प्रति व्यक्ति आय देश की प्रति व्यक्ति आय से अधिक थी। प्रदेश की अवसंरचना अन्य राज्यों से बेहतर मानी जाती थी। यहां का अन्नदाता किसान देश के अन्य क्षेत्रों के किसानों से समृद्ध माना जाता था। असीम सम्भावनाओं और सामर्थ्य वाला प्रदेश वर्ष 2014 से पूर्व पहचान के संकट से गुजर रहा था। वर्ष 2017 से पूर्व यहां का युवा अपनी पहचान के लिए मोहताज था। प्रति व्यक्ति आय देश की प्रति व्यक्ति आय से एक तिहाई से भी कम रह गयी थी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में 7वें नम्बर पर थी। आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था नम्बर-2 पर है। राज्य को 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए अनेक कदम उठाये गये हैं। ऐसा अनुमान है कि वर्ष 2029 तक प्रदेश 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। उत्तर प्रदेश देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में स्वयं को स्थापित करेगा। पहले जिनको कोई नहीं पूछता था, आज सरकार उनके द्वार तक पहुंची है। प्रदेश की कोल, सहरिया, थारू, मुसहर आदि जनजातियों को सभी प्रकार की योजनाओं से आच्छादित करने का कार्य किया गया है। यदि साफ नीयत से सरकार स्पष्ट नीति बनाती है, तो नियन्ता भी इसमें सहभागी बनकर नीति को सफलता की ऊँचाई तक पहुंचाता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश के एक्सप्रेस-वे का 55 प्रतिशत नेटवर्क उत्तर प्रदेश में स्थित है। प्रदेश में सर्वाधिक मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। यहां बेहतरीन इण्टरस्टेट कनेक्टिविटी है। रेलवे का सबसे बड़ा संजाल है। एयर कनेक्टिविटी का सबसे अच्छा नेटवर्क है। देश की पहली रैपिड रेल तथा पहला इनलैण्ड वॉटर-वे प्रदेश में संचालित किया गया है। केन्द्र सरकार द्वारा संचालित 45 से अधिक योजनाओं में उत्तर प्रदेश लीड कर रहा है। यह नये भारत के नये उत्तर प्रदेश की पहचान है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 02 अक्टूबर, 2014 को देश में स्वच्छ भारत मिशन का शुभारम्भ किया। उन्होंने इस अभियान को स्वयं लीड किया। स्वच्छ भारत मिशन स्वच्छता में वृद्धि के साथ-साथ नारी गरिमा का भी प्रतीक है। यह अनेक प्रकार की बीमारियों से मुक्ति प्रदान करने का माध्यम बन रहा है। वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार द्वारा इस मिशन की समीक्षा की गयी, तो पता चला कि मिशन प्रारम्भ होने के पहले ढाई वर्ष में प्रदेश में कुल 40 लाख शौचालय बन पाए थे। जबकि लगभग पौने तीन करोड़ शौचालय बनाने का लक्ष्य था। प्रदेश सरकार ने मात्र एक वर्ष में 02 करोड़ 71 लाख शौचालय निर्माण के लक्ष्य को पूरा किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश का प्रत्येक गांव व शहर प्रतिस्पर्धा के साथ आगे बढ़ रहा है। गांव और शहर पूरी तरह स्वच्छ दिखायी दे रहे हैं। जगह-जगह प्राप्त होने वाले ज्यादातर कूड़े के ढेर समाप्त किये जा चुके हैं। शेष कूड़े के ढेरों को समाप्त करने की दिशा में कार्य चल रहा है। स्वच्छता के इस अभियान से इन्सेफेलाइटिस और मलेरिया जैसी बीमारियों से लड़ने में सफलता प्राप्त हुई है। पहले हजारों बच्चे इन्सेफेलाइटिस बीमारी से काल कवलित हो जाते थे। अब यह बीमारी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अन्नदाता किसानों, युवाओं, श्रमिकों, महिलाओं तथा निवेश आदि के मुद्दे को लेकर राज्य के प्रत्येक सेक्टर में नया परिवर्तन देखने को मिल रहा है। प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के अब तक 56 लाख गरीबों के लिए एक-एक आवास की व्यवस्था कर चुकी है। प्रदेश सरकार द्वारा लो हैंगिंग फ्रूट्स की अवधारणा पर कार्य करते हुए, सबसे पहले अत्यन्त आवश्यक और आसान मुद्दों पर कार्य किया गया। इसका तात्पर्य यह नहीं कि हमने अन्य मुद्दों पर ध्यान केन्द्रित नहीं किया। किसानों की कर्ज माफी का कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया। प्रत्येक गरीब को राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को हर एक तबके तक पहुंचाने का कार्य किया गया। कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य किया गया। इसके साथ ही, प्रदेश की पहचान से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने कार्य किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बड़ा निवेश अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने में सहायक हो सकता है। बड़ा निवेश तभी सफलीभूत होता है, जब एंकर यूनिट्स और एम0एम0एस0एम0ई0 का अच्छा बेस हो। 24 जनवरी, 2018 को प्रदेश के पहले स्थापना दिवस पर राज्य के परम्परागत उद्यम को ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के रूप में नयी पहचान दी गयी। इस योजना के अन्तर्गत निर्मित उत्पाद पूरे देश में छाये हुए हैं। यह योजना स्वदेशी और सम्मान का प्रतीक बनी है। इन योजना को डिजाइनिंग, मार्केटिंग, पैकेजिंग आदि से जोड़ा गया। पर्व और त्योहारों पर अब चीन के प्रोडक्ट नहीं, बल्कि ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के अन्तर्गत निर्मित उत्पाद लोग गिफ्ट के रूप में प्रदान करते हैं। इससे हमारे हस्तशिल्पियों और कारीगरों को मुनाफा होता है। नए रोजगारों का सृजन होता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कोरोना कालखण्ड में देश के अलग-अलग क्षेत्रों से कामगारों और श्रमिकों ने अपने-अपने घरों की ओर प्रस्थान किया। अपने कामगारों और श्रमिकों को उनके घरों तक पहुंचाने वाला उत्तर प्रदेश एक मात्र राज्य था। प्रदेश में 40 लाख से अधिक कामगार और श्रमिक आये। इन सभी को एम0एस0एम0ई0 इकाईयों से जोड़ने का कार्य किया गया। प्रत्येक तबके के व्यक्ति को उसकी योग्यतानुसार कार्य प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध व अपराधियों तथा भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। विगत 08 वर्षों में राज्य दंगामुक्त व भयमुक्त प्रदेश के रूप में स्थापित हुआ। किसी भी समुदाय से सम्ब्न्धित पर्व और त्योहार आज शान्तिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जा रहा है। आज यहां का प्रत्येक व्यक्ति स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है। इसका प्रभाव प्रदेश के प्रत्येक सेक्टर पर पड़ा है। प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में लाखों की संख्या में पर्यटक आते थे, आज यह संख्या करोड़ों में पहुंच रही है। वर्ष 2023-24 में प्रदेश में लगभग 66 करोड़ पर्यटक आये थे। इस वर्ष अकेले महाकुम्भ में ही 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु/पर्यटक आये थे। यदि प्रदेश के अन्य टूरिज्म गंतव्यों को सम्मिलित करें, तो इस वर्ष राज्य के आने वाले पर्यटकों की संख्या लगभग 100 करोड़ अनुमानित है।
टूरिज्म सेक्टर अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करता है। साथ ही, रोजगार सृजन का माध्यम भी बनता है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में आस्था और आर्थिकी का अद्भुत समन्वय देखने को मिल रहा है। महाकुम्भ इसका आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश देश के ग्रोथ इंजन के रूप में स्वयं को स्थापित कर रहा है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश निवेश के बेहतरीन गंतव्य के रूप में जाना जाता है। वर्ष 2017 से पूर्व यहां कोई निवेशक नहीं आना चाहता था। वर्ष 2023 में यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। टेक्नोलॉजी का प्रयोग करते हुए सिंगल विण्डो सिस्टम के माध्यम से निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। इनके माध्यम से कोई भी निवेशक देश व प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे सकता है।
इस अवसर पर लाइव टाइम्स के एडिटर इन चीफ श्री दिलीप सिंह, स्टेट हेड लाइव टाइम्स श्री राजीव ओझा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-----------
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know