मथुरा।।
वृन्दावन।वंशीवट क्षेत्र स्थित संकीर्तन भवन में संकीर्तन भवन धार्मिक न्यास ट्रस्ट के तत्वावधान में प्रख्यात संत प्रभुदत्त ब्रह्मचारी का 133 वां द्विदिवसीय आविर्भाव महोत्सव विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हो गया है।प्रातः काल प्रख्यात संतों , विप्रों व धर्माचार्यों के द्वारा महाराजश्री की प्रतिमा का पंचामृत से अभिषेक, पूजन-अर्चन व माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर आयोजित संत-विद्वत सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए श्रीनाभाद्वाराचार्य श्रीमज्जगद्गुरु स्वामी सुतीक्ष्ण दास देवाचार्य महाराज ने कहा कि गोलोकवासी संत प्रभुदत्त ब्रह्मचारी महाराज समन्वयवादी संत थे।वे सभी संप्रदायों का आदर करते थे।उन्होंने धर्म सम्राट स्वामी करपात्री महाराज के साथ गौ हत्या आन्दोलन का बढ़ चढ़कर नेतृत्व किया।
ब्रज साहित्य सेवा मंडल के अध्यक्ष डॉ. गोपाल चतुर्वेदी व ब्रजभूमि कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित बिहारीलाल वशिष्ठ ने कहा कि पूज्य प्रभुदत्त ब्रह्मचारी महाराज श्रीमद्भागवत के प्रकांड विद्वान थे।उन्होंने श्रीमद्भागवत महापुराण ग्रंथ की ब्रजभाषा में टीका कर ब्रजवासियों को धर्म व अध्यात्म की एक नई धरोहर प्रदान की।
संकीर्तन भवन धार्मिक न्यास ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी आचार्य विनय त्रिपाठी व भागवताचार्य गोपाल भैया महाराज ने कहा कि हमारे सदगुरुदेव प्रभुदत्त ब्रह्मचारी महाराज सहजता, सरलता, उदारता व परोपकारिता की प्रतिमूर्ति थे।उन्होंने अपनी साधना के बल पर अनेकानेक व्यक्तियों का कल्याण किया।उन्होंने धर्म व अध्यात्म के संरक्षण व उन्नयन के लिए संकीर्तन भवन, झूंसी की स्थापना कर श्रीधाम वृन्दावन व दिल्ली में भी उसकी शाखाएं स्थापित कीं।
पुराणाचार्य डॉ. मनोज मोहन शास्त्री व श्रीराम कथा मर्मज्ञ अशोक व्यास महाराज ने कहा कि पूज्य ब्रह्मचारी महाराज अनेकानेक सद्गुणों की खान थे।यदि हम लोग उनके किसी एक गुण को भी अपने जीवन में धारण कर लें तो हमारा कल्याण हो सकता है।
आविर्भाव महोत्सव में गौ-सेवी संत गोपेश बाबा, भागवताचार्य विपिन बापू,मुकेश मोहन शास्त्री, संगीताचार्य देवकी नंदन महाराज, स्वामी रामशरण शर्मा,आचार्य मंगेश दुबे, आचार्य बुद्धिप्रकाश शास्त्री, युवा साहित्यकार डॉ. राधाकांत शर्मा,पंडित युगल गोस्वामी,आचार्य ईश्वरचंद्र रावत आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


राजकुमार गुप्ता 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने