जौनपुर: बीते शुक्रवार को किराये को लेकर मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मंगलवार को मौत के बाद बुधवार को फिर मामला गरमा गया। शव को दफनाने की बजाय सुबह पुरानी बाजार में मुआवजा व आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रास्ता जाम कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी के समझाने-बुझाने पर रास्ता जाम समाप्त कर शव को दफनाया। तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

कोठियावीर (पुरानी बाजार) निवासी पेशे से ई-रिक्शा चालक 24 वर्षीय आसिफ अहमद व सोहराब को बीते शुक्रवार की शाम किराया के विवाद में पानदरीबा के कुछ युवकों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हालत नाजुक देखते हुए आसिफ को जिला अस्पताल से बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। मंगलवार को उपचार के दौरान आसिफ ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर लगते ही घर में कोहराम मच गया। बुधवार की सुबह स्वजन व मोहल्लावासियों ने शव लेकर पुरानी बाजार में रास्ता जाम कर दिया। उनकी मांग थी कि सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जाए। मृतक के स्वजन को मुआवजा दिया जाए। वे मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। पता चलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह चौकी प्रभारियों व पुलिस बल के साथ पहुंच गए। समझाने पर आक्रोशित लोग नहीं मानें तो प्रभारी निरीक्षक ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सिटी मजिस्ट्रेट अनिल अग्निहोत्री, सीओ सिटी जितेंद्र कुमार दुबे मौके पर पहुंच गए। सीओ सिटी ने आश्वासन दिया कि शेष आरोपितों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने हरसंभव आर्थिक सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया। इस पर लोगों ने रास्ता जाम समाप्त कर शव को ले जाकर दफन कर दिया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने