बलरामपुर जनपद में आस्था और श्रद्धा के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना प्रभारियों द्वारा प्रमुख छठ पूजा घाटों का गहन निरीक्षण किया गया। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन का जायजा लेते हुए आयोजकों और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

​

सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए गए हैं:

  •  पुलिस टीमों द्वारा नदी में नावों से लगातार गश्त की जा रही है, ताकि गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष नजर रखी जा सके और व्रतियों से सुरक्षित सीमाओं में रहने की अपील की जा सके।
  • ​ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर लाइफ जैकेट, रस्सी और ट्यूब जैसे बचाव उपकरणों के साथ कुशल गोताखोर मुस्तैद किए गए हैं।
  • ​ गहरे व खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग की गई है, जिससे श्रद्धालु केवल सुरक्षित निर्धारित स्थानों पर ही अर्घ्य दे सकें।
  • ​ पर्व पर महिलाओं की भारी उपस्थिति को देखते हुए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति टीमों को घाटों पर तैनात किया गया है। 
  • श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्गों पर सुगम यातायात व पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, साथ ही घाटों पर पर्याप्त रोशनी और पेयजल के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 
  • अफवाहों से बचें और आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर करें संपर्क: पुलिस प्रशासन की अपील

​प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पूरी श्रद्धा व शांति के साथ पर्व मनाएं। किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या आपात स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर दें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि "श्रद्धालुओं की सुरक्षा बलरामपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

                   

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने