बलरामपुर- जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गन्ना प्रबंध समिति तुलसीपुर द्वारा संचालित स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज, तुलसीपुर के बेहतर संचालन एवं शैक्षिक उन्नयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में विद्यालय की वर्तमान शैक्षिक व्यवस्था, पठन-पाठन की गुणवत्ता, विद्यालय प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं, खेलकूद एवं पाठ्येतर गतिविधियों के विस्तार सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज को जनपद के सर्वश्रेष्ठ इंटर कॉलेज के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवाचारों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
*शिक्षकों को केंद्रीय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय का कराया जाएगा एक्सपोजर विजिट*
जिलाधिकारी ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शिक्षकों को जनपद के केंद्रीय विद्यालय एवं जवाहर नवोदय विद्यालय का एक्सपोजर विजिट कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक इन विद्यालयों में अपनाई जा रही उत्कृष्ट शिक्षण पद्धतियों, शैक्षिक नवाचारों, कक्षा प्रबंधन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से संबंधित गतिविधियों का अध्ययन करें तथा उपयोगी व्यवस्थाओं को स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज में भी लागू करें।
*विद्यालय में समाचार पत्रों की उपलब्धता एवं प्रार्थना सभा में करेंट अफेयर्स पर विशेष जोर*
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालय में नियमित रूप से समाचार पत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों में समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित की जाए, जिससे वे देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं एवं समसामयिक विषयों से अवगत हो सकें।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की दैनिक प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को करेंट अफेयर्स, सामान्य ज्ञान, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तथा महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी दी जाए। इससे विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान में वृद्धि होने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति भी उनकी जागरूकता बढ़ेगी।
*खेलकूद को मिलेगा बढ़ावा, खेल कोच की नियुक्ति के निर्देश*
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में खेलकूद की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए विद्यालय में खेल कोच की नियुक्ति किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में नियमित खेलकूद गतिविधियों का आयोजन कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं की पहचान हो सके तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हों।
*नियमित पाठ्येतर गतिविधियों एवं वार्षिकोत्सव के आयोजन के निर्देश*
जिलाधिकारी ने विद्यालय में एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज अर्थात पाठ्येतर गतिविधियों के नियमित आयोजन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करने के लिए वाद-विवाद, भाषण, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, चित्रकला, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाए।
उन्होंने विद्यालय में वार्षिकोत्सव (एनुअल फंक्शन) आयोजित किए जाने के भी निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्राप्त हो सके।
*विद्यालय के बेहतर संचालन के लिए प्रबंध समिति तैयार करे ठोस कार्ययोजना*
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के सफल संचालन एवं निरंतर प्रगति में प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यालय के बेहतर संचालन, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, आधारभूत सुविधाओं के विकास, खेलकूद एवं पाठ्येतर गतिविधियों के विस्तार के लिए प्रबंध समिति को ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए शैक्षिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास के बेहतर अवसर प्रदान किए जाएं।
बैठक में विद्यालय में संचालित एनसीसी जूनियर विंग की गतिविधियों की भी जानकारी ली गई। विद्यालय में 100 कैडेट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त इंस्पायर अवार्ड के अंतर्गत 05 विद्यार्थियों का पंजीकरण पूर्ण किए जाने तथा विद्यालय से संबंधित अन्य शैक्षिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में विद्यालय में प्रस्तावित 06 भवनों एवं कक्षों के निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाए जाने तथा बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज, तुलसीपुर को एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जाए, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों एवं व्यक्तित्व विकास के उत्कृष्ट अवसर प्राप्त हों।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों से समन्वित प्रयास करते हुए स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज को जनपद के सर्वश्रेष्ठ इंटर कॉलेज के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी, गन्ना प्रबंध समिति तुलसीपुर के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know