, बलरामपुर- थाना कोतवाली उतरौला अंतर्गत ग्राम बनगवां में बुधवार को एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। सरकारी अस्पताल के पास रहने वाली 61 वर्षीय महिला ने घर के ऊपरी कमरे में फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान असगरी बेगम (61 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, इस मामले में मृतका के बेटे नूरुद्दीन ने अपने ही पिता पर मां को प्रताड़ित करने और उनकी मौत के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार होने का गंभीर आरोप लगाया है।
बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
नूरुद्दीन का आरोप है कि उसके पिता कमरुद्दीन उर्फ जोथू का किसी अन्य महिला से संबंध है, जिसके चलते माता-पिता के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। उसके मुताबिक, पिता लगभग नौ महीने पहले विदेश से घर लौटे थे, जिसके बाद से परिवार में कलह और बढ़ गई थी।
बेटे का कहना है कि उसके पिता बैटरी रिक्शा चलाकर जो कमाई करते थे, उसे दूसरी महिला पर खर्च कर देते थे और पत्नी की जरूरतों की अनदेखी करते थे। नूरुद्दीन के पास माता-पिता के बीच हुए विवादों के वीडियो भी मौजूद हैं। उसने बताया कि इस पारिवारिक विवाद की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से की गई थी, जिन्होंने समझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन पिता के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। इसके अलावा, एक बार थाने में भी शिकायत किए जाने पर पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था, किंतु विवाद थमता नहीं दिखा।
मृतका के तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा निजामुद्दीन गांव में मजदूरी करता है, दूसरा बेटा लाला मुंबई में है, और तीसरा बेटा नूरुद्दीन घर पर ही फोटोकॉपी की दुकान चलाता है।
पुलिस का बयान
इस संबंध में थाना कोतवाली उतरौला के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अवधेश राज सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दी संवाद न्यूज से असगर अली की खबर उतरौला बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know