​लखनऊ- ​उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को गलत बिल की समस्या से निजात दिलाने और बिजली निगमों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए पावर कॉरपोरेशन ने सख्त रुख अपनाया है। अब गलत बिजली बिल जारी करने और बिल संशोधन में हीलाहवाली करने पर संबंधित बिजली कर्मचारियों की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी। इसके साथ ही, सभी डिस्काउंट (वितरण निगमों) के प्रबंध निदेशकों (MD) को हर सप्ताह 7 से 10 उपभोक्ताओं के बिलों की रैंडम जांच करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
​मंगलवार को शक्ति भवन में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव (ऊर्जा) एवं यूपी पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने ये निर्देश जारी किए। बैठक में कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी वितरण निगमों के एमडी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
​गलत बिलों पर तत्काल सुधार और विशेष निस्तारण अभियान
​अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को पहली ही बार में सटीक और समय पर बिल मिलना चाहिए। यदि किसी कारणवश गलत बिल जारी होता है, तो उसे तत्काल दुरुस्त किया जाएगा। लंबित बिल संशोधन मामलों के त्वरित समाधान के लिए जल्द ही एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
​सहारनपुर और मुरादाबाद के लचर प्रदर्शन पर नाराजगी
​बैठक में राजस्व वृद्धि, लाइन हानि (Line Loss) रोकने और चोरी पर अंकुश लगाने पर विशेष जोर दिया गया। जिन फीडरों का थ्रू-रेट 5 रुपये से कम है, उनकी विशेष समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।
​सहारनपुर में महज 1.71 रुपये थ्रू-रेट और मुरादाबाद में उम्मीद से बेहद कम राजस्व वसूली पर अध्यक्ष ने भारी नाराजगी जताई और व्यवस्था में तत्काल सुधार के आदेश दिए।
​सबसे ज्यादा लाइन हानि दर्ज करने वाले शीर्ष 10 फीडरों को चिन्हित कर उनमें प्राथमिकता के आधार पर सुधार किया जाएगा।
​बड़े बकायेदारों पर चलेगा चाबुक, प्रधानों को मिलेगी सूची
​गोला, नवाबगंज और गोंडा क्षेत्रों में बिजली बिलों तथा बड़े बकायेदारों की विशेष जांच के आदेश दिए गए हैं।
​प्रत्येक क्षेत्र में 10 सबसे बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर उनके बिलों की जांच की जाएगी, नोटिस थमाया जाएगा और नियम के तहत कनेक्शन काटने की कार्रवाई होगी।
​ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व वसूली बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रामीण बकायेदारों की सूची ग्राम प्रधानों को भी साझा की जाएगी।
​तकनीकी सुधार और पेंडिंग प्रोजेक्ट्स में तेजी
​ट्रांसफॉर्मर सुरक्षा: 100 केवीए से कम क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों पर फ्यूज सेट लगाने का काम तेज किया जाएगा ताकि ट्रांसफॉर्मर फुकने या खराब होने की दर को न्यूनतम किया जा सके।
​अधूरे कार्य: बिजनेस प्लान 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 के तहत जारी कार्यों तथा स्मार्ट मीटर लगाने की गति की समीक्षा की गई। सभी लंबित परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
​वित्तीय निस्तारण: मेजरमेंट बुक (MB), ईआरपी क्लोजर (ERP Closure) और अंतिम भुगतान से जुड़े लंबित मामलों का भी शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया है। 

        हिन्दी संवाद न्यूज से
          रिपोर्टर वी. संघर्ष
            बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने