​बलरामपुर - जनपद के तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी देवी की पावन धरती पर आयोजित ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल के अंतर्गत स्टडी टेबल एवं आशीर्वाद-पत्र वितरण कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज के साथ नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ विशेष रूप से सम्मिलित हुए।
​कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन डॉ. धीरू ने मुख्यमंत्री के समक्ष एक महत्वपूर्ण मांग रखते हुए बलरामपुर नगर के चारों प्रमुख मार्गों को डिवाइडर सहित फोरलेन बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि नगर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण होने से यातायात व्यवस्था बेहद सुव्यवस्थित होगी, आम जनता को जाम की गंभीर समस्या से राहत मिलेगी और नगर के समग्र विकास को एक नई गति प्राप्त होगी। चेयरमैन द्वारा की गई इस मांग को नगर के यातायात, सड़क सुरक्षा और भविष्य की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बेहद अहम कदम माना जा रहा है।
*​विद्यार्थियों को मिला प्रोत्साहन और मार्गदर्शन*
​कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण का केंद्र बच्चों की शिक्षा और उनका प्रोत्साहन रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कर-कमलों से विद्यार्थियों को स्टडी टेबल तथा विभिन्न लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं आशीर्वाद-पत्र वितरित किए। ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर और अनुकूल शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें उच्च अध्ययन के प्रति प्रेरित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह को प्रशस्त करना है।
​इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा के महत्व और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े प्रयासों पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा को सशक्त, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
​*गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति*
​इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कई दिग्गज राजनेता और अधिकारीगण मौजूद रहे। प्रमुख रूप से तुलसीपुर देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ जी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा, बलरामपुर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, गैसड़ी के निवर्तमान विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. आरती तिवारी और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित जनपद के सम्मानित अधिकारीगण, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

             

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने