श्री लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी
और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणादायी मिसाल : मुख्यमंत्री
लखनऊ : 01 अक्टूबर, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयन्ती की पूर्व संध्या पर उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और स्वतंत्र भारत को अपने सरल, दृढ़ एवं यशस्वी नेतृत्व से नई दिशा प्रदान की।
शास्त्री जी की जयन्ती की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शास्त्री जी सादगी, सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता की प्रतिमूर्ति थे। वे महात्मा गांधी जी के स्वदेशी और स्वावलम्बन के विचारों के सच्चे अनुयायी थे। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ के उद्घोष के माध्यम से देश की सुरक्षा और अन्न उत्पादन को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं से जोड़ा तथा देशवासियों में आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शास्त्री जी के यशस्वी नेतृत्व में वर्ष 1965 के युद्ध में भारत ने अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ देश का नेतृत्व किया और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन सादगी, त्याग, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का ऐसा आदर्श है, जो आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शास्त्री जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनका जीवन हमें संकल्प, अनुशासन, परिश्रम और ईमानदारी के साथ देश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
---------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने