बलरामपुर- शारदीय नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक (SP)  मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ बलरामपुर नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। इस फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
*​व्यापारियों और नागरिकों से सीधा किया संवाद*
​फ्लैग मार्च के दौरान एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने स्थानीय व्यापारियों एवं आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को समझा और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी प्राप्त किए। एसपी ने सभी से त्यौहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अराजक या शरारती तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
​*ड्रोन, CCTV और सादे कपड़ों में तैनात रहेगी पुलिस*
​सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्यौहारों के दृष्टिगत संवेदनशील व महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे वस्त्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। माँ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस एवं अन्य प्रमुख आयोजनों के दौरान ड्रोन कैमरों और CCTV के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जाएगी।
​इसके अलावा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक अफवाहें या भड़काऊ टिप्पणियां फैलाने वालों से निपटने के लिए साइबर व सोशल मीडिया सेल को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
​फ्लैग मार्च में ये अधिकारी रहे मौजूद
​सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने निकले इस फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक के साथ क्षेत्राधिकारी नगर (CO City) अभिषेक सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना तथा निरीक्षक प्रज्ञान सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
               
            

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने