बलरामपुर- सेवा संकल्प अभियान के तहत बजाज हिंदुस्थानशुगर लिमिटेड, उतरौला इकाई में जिला स्वास्थ्य एवं श्रम विभाग के सौजन्य से श्रमिक सम्मान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान करीब 200 श्रमिकों एवं परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ इकाई प्रमुख श्याम सिंह एवं डॉ. मुन्ना सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सहायक श्रम आयुक्त दिनेश विश्वकर्मा, सीएचसी श्रीदत्तगंज के अधीक्षक डॉ. आनंद प्रकाश तथा जिला स्वास्थ्य एवं शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
सहायक श्रम आयुक्त दिनेश विश्वकर्मा ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा श्रमिकों के हित में चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान यदि किसी श्रमिक में कोई गंभीर बीमारी सामने आती है, तो उसके समुचित उपचार की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने श्रमिकों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य शिविर में शुगर, नेत्र, दंत एवं जनरल मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने श्रमिकों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एचआर हेड बृजेश चंद्र मंडल ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों एवं उनके परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक इंजीनियरिंग देवेंद्र सिंह यादव, प्रोडक्शन हेड राघवेंद्र श्रीवास्तव, फाइनेंस हेड विनोद सिंह, एचआर हेड पावर प्रमोद त्रिपाठी, के.पी. सिंह एवं वैभव सिंह डॉ सुनील गौड़ सहित चीनी मिल के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्रमिक सम्मान एवं स्वास्थ्य शिविर में श्रमिकों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know