बलरामपुर- जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने एवं विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की विशेष पहल रंग ला रही है। इसी क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित राजकीय लाइब्रेरी का लगभग 20 लाख रुपये की धनराशि से उच्चीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की उपस्थिति में छात्राओं द्वारा फीता काटकर उच्चीकृत राजकीय लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। छात्राओं के हाथों लाइब्रेरी का शुभारंभ कराए जाने की यह पहल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का सकारात्मक संदेश देती है।
जिलाधिकारी की विशेष पहल पर क्रिटिकल गैप योजना के अंतर्गत लगभग 20 लाख रुपये की धनराशि से राजकीय लाइब्रेरी में सुविधाओं का उच्चीकरण कराया गया है। इसका उद्देश्य जनपद के छात्र-छात्राओं, विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर, शांत एवं अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना है।
राजकीय लाइब्रेरी में वर्तमान में 106 छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। यहां विद्यार्थियों को वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे पुस्तकों के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों से भी अध्ययन सामग्री प्राप्त कर अपनी तैयारी को और बेहतर बना सकें।
राजकीय लाइब्रेरी को निजी क्षेत्र की आधुनिक लाइब्रेरी की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन व्यवस्था, आधुनिक स्टडी डेस्क एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के उच्चीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे जनपद के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अध्ययन सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।
शुभारंभ के उपरांत जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया।
 उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, भविष्य के लक्ष्यों एवं लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में बातचीत की तथा सभी को पूरी लगन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग एवं निरंतर परिश्रम अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक विद्यार्थी में आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने की क्षमता होती है। आवश्यकता है कि विद्यार्थी अपनी क्षमताओं को पहचानें तथा दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकों के साथ-साथ डिजिटल अध्ययन संसाधनों का भी विशेष महत्व है। लाइब्रेरी में वाई-फाई जैसी सुविधाओं की उपलब्धता से विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, शैक्षिक संसाधनों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी जानकारी प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को बेहतर अवसर एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। संसाधनों के अभाव में किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा एवं मेहनत प्रभावित न हो, इसी सोच के साथ राजकीय लाइब्रेरी की सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि राजकीय लाइब्रेरी केवल पुस्तकों के अध्ययन का स्थान नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को दिशा देने, उनकी प्रतिभा को निखारने एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक विद्यार्थी लाभ उठाएं तथा अपनी मेहनत एवं प्रतिभा के बल पर जनपद का नाम रोशन करें।
जिलाधिकारी ने लाइब्रेरी में बेहतर साफ-सफाई, सुव्यवस्थित संचालन एवं अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को निरंतर बेहतर अध्ययन वातावरण प्राप्त होता रहे।

जिलाधिकारी की इस विशेष पहल से जनपद के विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। राजकीय लाइब्रेरी का उच्चीकरण शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
लगभग 20 लाख रुपये की धनराशि से उच्चीकृत यह राजकीय लाइब्रेरी जनपद में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित करने तथा युवाओं को आत्मनिर्भर एवं सफल भविष्य की ओर अग्रसर करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी  हिमांशु गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
                 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने