जनपद बलरामपुर- उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी *मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना* के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में गुरुवार को माया होटल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं नगरीय निकायों से आए कुल *192 पात्र जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक विधि-विधान के अनुरूप संपन्न कराया गया।* सामूहिक विवाह समारोह नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों के लिए खुशियों और उत्साह का अवसर बना।
समारोह में विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण द्वारा नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
विधायक पल्टूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल बताते हुए कहा कि योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान किए जाने के साथ ही सामाजिक समरसता एवं सादगीपूर्ण विवाह की भावना को प्रोत्साहन मिल रहा है।
जिलाधिकारी ने सामूहिक विवाह समारोह की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, नवविवाहित जोड़ों से किया संवाद।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा सामूहिक विवाह समारोह स्थल का भ्रमण कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने विवाह की व्यवस्थाओं, कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने सामूहिक विवाह समारोह में सम्मिलित नवविवाहित जोड़ों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा कार्यक्रम में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नवदंपतियों को उनके वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सभी लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पात्रता, पारदर्शिता एवं लाभार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की व्यवस्था*
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए *प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये की धनराशि* का प्रावधान किया गया है।
योजना के तहत वधू के बैंक खाते में 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने, 25 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री उपलब्ध कराए जाने तथा 15 हजार रुपये विवाह समारोह के आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाने का प्रावधान है।
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना, विवाह पर होने वाले अनावश्यक खर्चों को कम करना तथा नवविवाहित जोड़ों को सम्मानजनक ढंग से अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने का अवसर उपलब्ध कराना है।
जनपद में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कुल 192 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इन जोड़ों के लिए योजना के अंतर्गत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार *कुल 1 करोड़ 92 लाख रुपये की सहायता एवं आयोजन संबंधी व्यवस्था* का प्रावधान बनता है।
*सामाजिक समरसता एवं बेटियों के सम्मान का संदेश दे रही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना*
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विवाह संबंधी आर्थिक चिंताओं से राहत प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। योजना न केवल जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करती है, बल्कि सामूहिक विवाह की परंपरा के माध्यम से सामाजिक समानता, आपसी सद्भाव एवं सादगीपूर्ण विवाह को भी बढ़ावा देती है।
इस योजना के अंतर्गत विभिन्न समुदायों के पात्र जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराया जाता है। इससे समाज में एकता, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता की भावना को बल मिलता है।
माया होटल में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में एक साथ 192 जोड़ों के वैवाहिक जीवन की शुरुआत हुई। नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों के लिए यह अवसर विशेष रहा। समारोह के दौरान नवदंपतियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किए गए।
जिला प्रशासन बलरामपुर द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद में 192 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know