बचपन का सपना हुआ साकार, पिता के हाथों बेटे को मिला नियुक्ति पत्र, भावुक पल देख छलक पड़े शिक्षकों के आंसू

तीन पीढ़ियों से कन्हैयालाल इंटर कॉलेज से जुड़ा है गुप्ता परिवार, कस्बे में हर्ष का माहौल



कर्नलगंज, गोंडा। कहते हैं संकल्प सच्चा हो तो मंजिल खुद कदम चूमती है। तहसील मुख्यालय कर्नलगंज के मोहल्ला बालूगंज निवासी नवीन गुप्ता ने इस कहावत को सच कर दिखाया है। जिस कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में बचपन में छात्र बनकर पढ़ाई की, उसी विद्यालय में आज *प्रवक्ता* बनकर लौटे हैं।

इस उपलब्धि को सबसे ज्यादा भावुक बना दिया उस पल ने, जब इसी विद्यालय में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात पिता नंद किशोर गुप्ता ने स्वयं अपने हाथों से अपने पुत्र की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर उसे नियुक्ति पत्र सौंपा। पिता के हाथों नियुक्ति पत्र लेता बेटा और बेटे को शिक्षक बनते देख गर्व से भरा पिता... इस अद्भुत और भावुक क्षण को देखकर कार्यालय में मौजूद शिक्षकों की आंखें भी नम हो गईं।


संकल्प लाइब्रेरी में गढ़ी सफलता की इबारत


नवीन का सपना बचपन से ही इसी कॉलेज में पढ़ाने का था। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने कर्नलगंज की *संकल्प लाइब्रेरी* में दिन-रात एक कर कठोर परिश्रम किया। उनकी मेहनत रंग लाई।


यह उनकी पहली सफलता नहीं है। मेधावी नवीन इससे पहले एनडीए, जेआरएफ, सीएसआईआर, आईआईटी जैम, एलटी ग्रेड जैसी कई राष्ट्रीय स्तर की कठिनतम परीक्षाएं भी उत्तीर्ण कर चुके हैं। वर्तमान में वह पीएम श्री योजना के तहत केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) में पीजीटी गणित के पद पर सेवारत थे, जिसे छोड़कर उन्होंने अपने गृह विद्यालय में सेवा करने का फैसला लिया।


तीन पीढ़ियों का अटूट नाता


गुप्ता परिवार का कन्हैयालाल इंटर कॉलेज से नाता आज का नहीं, बल्कि तीन पीढ़ियों पुराना है। नवीन के बाबा इसी कॉलेज में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता थे, तो छोटे बाबा गणित के प्रवक्ता के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। पिता नंद किशोर गुप्ता वर्तमान में वरिष्ठ लिपिक हैं और अब तीसरी पीढ़ी के रूप में नवीन ने प्रवक्ता पद संभालकर इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर राजाराम ने नवीन का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। 

इस खुशी के मौके पर बचपन के साथी राजकुमार, अंकित, महेश, दीपक, बबलू और शैलेंद्र सहित कई शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर बधाई दी। संकल्प लाइब्रेरी परिवार ने भी उन्हें बधाई दी है। पूरे कस्बे में इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को लेकर हर्ष का माहौल है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने