बलरामपुर- जनपद बलरामपुर में बाढ़ एवं जलजमाव की कोई स्थिति नहीं है। राप्ती नदी सहित सभी संवेदनशील क्षेत्रों और तटबंधों की प्रशासन एवं बाढ़ खंड द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। वर्तमान में जनपद में कहीं भी नदी से कटान की स्थिति नहीं है तथा सभी तटबंध पूर्णतः सुरक्षित हैं।
सिसई घाट पर 07 सितंबर 2026 को राप्ती नदी का जलस्तर 102.330 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 104.620 मीटर से 2.29 मीटर नीचे है। नदी का प्रवाहित डिस्चार्ज 11,305 क्यूसेक है। इससे स्पष्ट है कि वर्तमान में नदी का जलस्तर सामान्य एवं नियंत्रण में है।
*वर्षा की स्थिति भी सामान्य*
सिसई घाट पर 07 सितंबर को 24 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि जनपद की वास्तविक औसत वर्षा 19.10 मिलीमीटर रही। *एक जून से सात सितंबर 2026 तक सिसई घाट पर कुल 662.20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है।* जनपद में इस अवधि तक वर्षा सामान्य से लगभग 14 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
*बाढ़ सुरक्षा के लिए सभी व्यवस्थाएं सक्रिय*
जिला प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की गई हैं। बाढ़ सुरक्षा समितियों का गठन करने के साथ ही सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप सक्रिय है। बाढ़ से संबंधित सूचना एवं सहायता के लिए स्थापित बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे क्रियाशील है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05263-232283 एवं 7706881121 हैं।
आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल बचाव एवं मरम्मत कार्य कराने के लिए आवश्यक सामग्री का रिजर्व स्टॉक उपलब्ध है। तटबंधों पर बने रैट होल, शाही होल एवं रेन कट्स की मरम्मत का कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। सभी रेगुलेटर क्रियाशील हैं।
जनपद में स्वीकृत छह अदद बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं में से पांच परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि एक परियोजना का कार्य 95 प्रतिशत पूरा कर तटबंध को सुरक्षित स्तर तक मजबूत कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में जनपद में बाढ़, जलजमाव अथवा कटान की कोई स्थिति नहीं है। सभी तटबंध सुरक्षित हैं तथा संबंधित विभागों की टीमें नदी के जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों पर निरंतर सतर्क निगरानी रख रही हैं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know