बलरामपुर- विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, एकाग्रता एवं सकारात्मक जीवन-दृष्टि को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एमएलके पीजी कॉलेज के योग एवं वेलनेस सेंटर द्वारा ‘योग फॉर स्टूडेंट्स’ कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में बाल योगाचार्य विवेकानंद ने छात्राओं को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं योगाभ्यास की विधियों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने योग को स्वस्थ जीवन शैली का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित रूप से योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। बाल योगाचार्य विवेकानंद बलरामपुर की जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय, अयोध्या में आयोजित राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप में भी प्रतिभाग किया है। वे गायत्री शक्तिपीठ, बलरामपुर में निःशुल्क योग केंद्र का संचालन करते हुए विद्यार्थियों एवं आमजन को योग से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में योग एवं वेलनेस समिति के संयोजक डॉ. स्वदेश भट्ट, डॉ. सुनील शुक्ला, डॉ. जितेंद्र भट्ट, डॉ. ऋषि रंजन, रेखा मिश्रा, श्री शिवम् सिंह तथा श्री राजर्षि मणि त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित अतिथियों एवं समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की साधना नहीं, बल्कि मन की शांति, विचारों की स्पष्टता और जीवन में संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। योगाभ्यास के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।
‘योग फॉर स्टूडेंट्स’ के माध्यम से महाविद्यालय ने शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और जीवन-मूल्यों के समन्वय का संदेश दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को यह प्रेरणा दी कि नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर वे स्वस्थ शरीर, शांत मन और अधिक संतुलित जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know