बलरामपुर- शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहत आयुक्त कार्यालय एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन में जिले में राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अगुवाई में औद्यौगिक रसायन खतरे से बचाव सम्बन्धी मॉकड्रिल नगर की बलरामपुर चीनी मिल के केमिकल डिवीजन में हुई जिसमें भूकम्प आने के बाद चीनी मिल प्रबन्धन द्वारा जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम में सूचना दी जाती है कि भूकम्प आने के कारण मिल के केमिकडल डिवीजन में एथनॉल प्लान्ट में लीकेज शुरू हो गया है जिससे आग लग गई है जिसमें पन्द्रह मजदूर एवं कुछ कर्मचारी फंस गये हैं। इन्सीडेन्ट कमाॅण्डर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप केला को इसकी सूचना दी जाती है। एडीएम द्वारा तुरन्त जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को वायरलेस के माध्यम से सूचित किया जाता है। सूचना मिलते ही डीएम के निर्देशन में सेफ्टी आफिसर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह व रिसोर्स इन्चार्ज मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता द्वारा तुरन्त मोर्चा संभाला गया और डीएम स्वयं अग्निशमन, मेडिकल टीम के साथ पुलिस विभाग वरिष्ठ अधिकारी तुरन्त घटना स्थल के लिए रवाना हुए। वहां पर एसडीआरएफ टीम, अग्निशमन, एसएसबी के जवान और चीनी मिल के सुरक्षा अधिकारी की टीम ने मिलकर तुरन्त राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ किया तथा मिल के केमिकल डिवीजन में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मेडिकल टीम द्वारा प्रभावितों का मेडिकल चेकअप करते हुए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराने की कार्यवाही की गई है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद बलरामपुर भूकम्प की संवेदनशीलता के दृष्टिगत जोन-4 में आता है। भूकंप, औद्योगिक रसायन और आग की सुरक्षा पर मॉक ड्रिल आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने और आम नागरिकों व कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए किया जाता है। जिसमें विभिन्न एजेंसियां शामिल होती हैं जिसमें अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ जनसामान्य को आपदाओं के बारे में जानकारी देने के साथ ही प्रशिक्षित किया जाता है ताकि वास्तविक संकट के समय वे शांत और प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया दे सकें। यह ड्रिल कर्मचारियों को प्रशिक्षित करती है कि वे भूकंप, आग और रासायनिक रिसाव जैसी आपात स्थितियों में खुद को और दूसरों को कैसे बचाएं, और कैसे एक सुरक्षित स्थान पर इकट्ठा हों. इस मॉकड्रिल में अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, परिवहन, शिक्षा, नगर निकाय, आपूर्ति विभाग, एनसीसी, सेना, पीडब्लूडी, विद्युत विभाग एवं आपदा मित्र सहित अन्य सम्बन्धित विभागों की सहभागिता रही।
पुलिस अधीक्षक मि. सिंह ने कहा कि आपदाओं के प्रति हमारी तैयारी का परीक्षण एवं जनसमुदाय को आपदा के प्रति संजग रहने के उद्देश्य से यह माॅकड्रिल जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वाधान में आयोजित की जा रही है। रिसोेर्स इन्चार्ज मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के माॅक अभ्यास से हमें अपने संसाधनों को अपडेट करने एवं आपदाओं के प्रति प्रतिक्रिया एवं रिस्पान्स टाइम के बारे में जानकारी मिलती है तथा अपनी कमियां को विश्लेषण करने का मौका मिलता है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद की तहसील तुलसीपुर में तहसील की बिल्डिंग में आग लगने की घटना पर अग्निशमन विभाग द्वारा त्वरित गति से राहत एवं बचाव कार्य सम्पादित किया गया। तहसील उतरौला में मो0 यूसुफ उस्मानी इंटर कालेज में भूकम्प से स्कूली बच्चों के बचाव की मॉकड्रिल के साथ उन्हें बचाव के तरीकोें क्या करें-क्या न करें आदि के बारे में बताया गया। अग्निशमन टीम द्वारा विद्यालय भवन में फंसे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया। बताते चलें कि जिलाधिकारी ने मॉक अभ्यास के सफल आयोजन के लिए अपरजिलाधिकारी संदीप केला, अपर उपजिलाधिकारी संजय यादव, आपदा विशेषज्ञ अरूण सिंह को ओवरआल दायित्व सौंपा था। एसडीएम सदर मनोज कुमार को बलरामपुर चीनी मिल की मॉकड्रिल का नोडल एवं एसडीएम तुलसीपुर हेमन्त गुप्ता को तहसील तुलसीपुर में आयोजित होने वहीं एसडीएम उतरौला योगेन्द्र शरण शाह को उतरौला में होने वाली मॉकड्रिल का नोडल नामित करते हुए जिम्मेदारी सौंपी थी।
इस दौरान एसएसबी कमान्डेन्ट, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, एसडीएम मनोज कुमार, आपदा विशेषज्ञ अरूण सिंह, सहायक आबकारी आयुक्त, चीनी मिल के यूनिट हेड, सुरक्षा अधिकारी संजीव मिश्रा, राज्य आपदा मोचन बल के अधिकारी, अग्नि शमन अधिकारी, एसीएमओ डा0 ए0के0 चैधरी, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं, नागरिक सुरक्षा कैडे्टस, स्वयं सेवक आपदा मित्र, एनसीसी कैडेट्स, एसएसबी के अधिकारी एवं जवान, वायरलेस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know