बलरामपुर- जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह परंपरागत रूप से धूमधाम, हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय से लेकर तहसील, विकास खंड एवं ग्राम स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर बलिदानियों के त्याग एवं संघर्ष को याद करते हुए उन्हें नमन किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 06:30 बजे प्रभात फेरी से होगी। शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा जनपद एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। मार्गों की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं संबंधित विभागों द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।
प्रातः 07:00 बजे क्रॉस कंट्री/दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में सरकारी कार्यालयों, नगर पालिका परिषद, प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरुषों एवं राष्ट्रीय महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। प्रतिमाओं एवं उनके आसपास के परिसरों की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
प्रातः 08:00 बजे कलेक्ट्रेट सहित समस्त सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा। कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन होगा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर बलिदानियों एवं देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले महानायकों के योगदान को याद किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, स्वतंत्रता आंदोलन एवं अमर बलिदानियों के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों के सम्मान की भी व्यवस्था की जाएगी।
प्रातः 09:00 बजे जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया जाएगा।
विद्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्रभक्ति पर आधारित कार्यक्रम, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी तथा ‘काकोरी ट्रेन एक्शन, 1924’ एवं ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’ विषय पर निबंध लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रातः 09:30 बजे कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक परिसरों में वृक्षारोपण किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए विकास भवन, तहसीलों, चिकित्सालयों, विकास खंडों, विद्यालयों सहित विभिन्न कार्यालय परिसरों में पौधरोपण किया जाएगा।
प्रातः 10:00 बजे गालिब कॉलेज बलरामपुर की बाउंड्रीवाल की बाहरी दीवार पर पेंटिंग/पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनीका आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन, देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके योगदान से आमजन को परिचित कराया जाएगा।
इसी क्रम में प्रातः 10:00 बजे विकास कार्यक्रमों की झांकी विभिन्न विभागों द्वारा निकाली जाएगी। झांकियों के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रातः 11:00 बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय में मरीजों को फल एवं पौष्टिक आहार का वितरण किया जाएगा। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं सहित अन्य महिला मरीजों को भी पौष्टिक आहार एवं फल वितरित किए जाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। अपराह्न में मलिन बस्तियों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त सायं 04:00 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम बलरामपुर में क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक गतिविधियों के क्रम में एमपीपी इंटर कॉलेज बलरामपुर में ‘एक शाम आजादी के नाम’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी कार्यालयों, भवनों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। प्रकाश व्यवस्था में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए विद्युत सजावट सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई, खेलकूद, वृक्षारोपण, जनजागरूकता, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को स्वतंत्रता दिवस के निर्धारित कार्यक्रमों को आपसी समन्वय के साथ भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know