बलरामपुर - विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने विकास खंड बलरामपुर के ग्राम बहेरेकुइया में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग कर धात्री महिलाओं को जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराने तथा पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्तनपान शिशु के संपूर्ण शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उसे अनेक गंभीर बीमारियों से भी सुरक्षा प्रदान करता है। साथ ही माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी स्तनपान अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जावेद अख्तर, सीडीपीओ तरुण वर्मा, डॉ. मोहसिन अली सिद्दीकी, बीसीपीएम जय प्रकाश, बीपीएम मिथिलेश वर्मा, एएनएम वंदना कुशवाहा, संगिनी सुमन सिंह, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ उपस्थित रहीं।
इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय बहेरेकुइया में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) सत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एएनएम वंदना कुशवाहा द्वारा 4 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व (एएनसी) जांच, 11 बच्चों का नियमित टीकाकरण तथा 3 किशोर-किशोरियों की स्वास्थ्य, पोषण एवं व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी काउंसलिंग किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई।
निरीक्षण के दौरान डॉ. रस्तोगी ने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध रूप से पहुंचाई जाएं तथा नियमित टीकाकरण, पोषण, स्तनपान एवं स्वच्छता संबंधी जन-जागरूकता गतिविधियों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

             हिन्दी संवाद न्यूज से
              रिपोर्टर वी. संघर्ष
                 बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने