बलरामपुर- जनपद में वर्तमान समय में किसी तहसील मेंबाढ़ की कोई स्थिति नहीं है तथा सभी क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन द्वारा राप्ती नदी के जलस्तर एवं संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
    वर्तमान में राप्ती नदी का जलस्तर 101.950 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान 104.620 मीटर से 2.67 मीटर नीचे है। नदी सामान्य प्रवाह में बह रही है और कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है।
विगत 24 घंटे के दौरान जनपद में 34 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। यह वर्षा धान सहित अन्य खरीफ फसलों के लिए अत्यंत लाभकारी मानी जा रही है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस समय हुई वर्षा से धान की फसल की वृद्धि को गति मिलेगी तथा अन्य खरीफ फसलों को भी पर्याप्त नमी प्राप्त होगी, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा।
      जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित हैं।
जनपद में 19 बाढ़ शरणालय एवं 32 बाढ़ चौकियां चिन्हित कर सक्रिय रखी गई हैं। स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों से निपटने के लिए 32 मेडिकल टीमें तथा पशुधन की सुरक्षा एवं उपचार हेतु 32 पशुपालन विभाग की टीमें तैयार हैं। जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्पदंश एवं एंटी रैबीज इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है, जहां से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। वर्तमान में जनपद में स्थिति पूर्णतः सामान्य है तथा प्रशासन हर संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने