उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
मुख्यमंत्री जी ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पारस्परिक प्रेम, स्नेह, विश्वास और संकल्प का पर्व है। यह पर्व परिवार को जोड़ने, समाज में आत्मीयता बढ़ाने तथा बहन-बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान के प्रति अपने दायित्व का स्मरण कराने वाला है। श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर मनाया जाने वाला यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति और सुदृढ़ सामाजिक परम्पराओं का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव नहीं, बल्कि कर्तव्य और संरक्षण की भावना का भी पर्व है। भारतीय परम्परा में रक्षा सूत्र विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी का प्रतीक रहा है। भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी तथा माता लक्ष्मी और राजा बलि से जुड़ी पौराणिक कथाएँ भी इस पर्व के इसी भाव को अभिव्यक्त करती हैं। यह पर्व हमें एक-दूसरे के प्रति स्नेह के साथ ही, अपने दायित्वों और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज नई पीढ़ी तकनीकी उन्नयन के साथ आगे बढ़ रही है, ऐसे में अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराओं और जीवन-मूल्यों को साथ लेकर चलना और भी आवश्यक है। हमारे संस्कार परिवारों को सुदृढ़ करते हैं, समाज को एकजुट रखते हैं तथा संविधान की प्रस्तावना में निहित समता, बन्धुता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रक्षाबंधन के पवित्र भाव को प्रदेश सरकार के संकल्प में भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। विगत वर्षों में प्रदेश सरकार ने बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति को गति मिली है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना से महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा मिली है, वहीं महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक स्वावलम्बन की दिशा में आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री जी कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहन-बेटियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2017 से प्रारम्भ की गई निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा इस वर्ष भी 27 से 29 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। इससे बहन-बेटियाँ अपने भाइयों तक सहज और सुरक्षित रूप से पहुँचकर रक्षाबंधन का पर्व मना सकेंगी।
मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे रक्षाबंधन के पवित्र अवसर पर रक्षा-सूत्र के संकल्प को अपने आचरण का हिस्सा बनाएं। प्रत्येक बहन-बेटी के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लें तथा सुरक्षाबलों, पुलिसकर्मियों और आपदा राहतकर्मियों को रक्षा-सूत्र बाँधकर उनके प्रति अपनत्व और कृतज्ञता व्यक्त करें। साथ ही, स्थानीय स्तर पर निर्मित राखियों एवं उपहारों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास स्थानीय श्रम, कौशल और उद्यम को प्रोत्साहित करने के साथ ही, आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं।
%20(1).jpeg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know