बलरामपुर- जनपद में राप्ती नदी का जलस्तर पूरी तरह सामान्य है। प्रातः 8 बजे राप्ती नदी का जलस्तर 102.750 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के स्तर से 1.87 मीटर नीचे है। वर्तमान में तटवर्ती गांवों एवं आबादी को कटान अथवा जलप्लावन की कोई समस्या नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर, तटबंधों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
विभिन्न मीडिया माध्यमों में ग्राम पंचायत बेला के मजरे हरिवंशपुर में राप्ती नदी से कटान को लेकर समाचार प्रकाशित किया गया है। इस संबंध में वस्तुस्थिति यह है कि वर्तमान में राप्ती नदी की धारा हरिवंशपुर एवं कोडारी गांव की आबादी से पर्याप्त दूरी पर है। दोनों गांवों की आबादी सुरक्षित है। मौके की स्थिति सामान्य है और संबंधित विभागों द्वारा नियमित निगरानी की जा रही है।
पूर्व में नदी की धारा के कारण कोडारी घाट पर उत्पन्न कटान की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा समय रहते प्रभावी कटानरोधी कार्य कराए गए। राप्ती नदी के बाएं तट पर बांस, नायलॉन क्रेट, गेबियन, जियो शीट, ट्री-स्पर एवं पॉर्क्युपाइन आदि के माध्यम से कटानरोधी एवं सुरक्षा कार्य किए गए हैं। कार्यस्थल पर पर्याप्त संख्या में श्रमिकों, आवश्यक सामग्री एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। प्रशासन के इन प्रयासों से संवेदनशील स्थलों पर कटान की स्थिति नियंत्रित है तथा तटबंध सुरक्षित है।
जिला प्रशासन बाढ़ से बचाव, राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर पूरी तरह सतर्क और तैयार है। जनपद में बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए 32 बाढ़ चौकियां सक्रिय की गई हैं। आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने एवं ठहराने के लिए 19 बाढ़ शरणालय चिह्नित और तैयार रखे गए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं एवं त्वरित चिकित्सकीय सहायता के लिए 32 मेडिकल टीमें तैयार हैं।
राजस्व, सिंचाई, स्वास्थ्य, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर तटवर्ती गांवों, तटबंधों तथा संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ चौकियों के माध्यम से नदी के जलस्तर एवं प्रवाह की जानकारी लगातार प्राप्त की जा रही है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा तटवर्ती क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय ग्रामीणों से संवाद करते हुए वास्तविक स्थिति का फीडबैक भी लिया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में जनपद में राप्ती नदी का जलस्तर सामान्य है। तटवर्ती गांवों एवं आबादी को कटान अथवा जलप्लावन की कोई समस्या नहीं है। नदी के जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नागरिकों से अपील है कि वे किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी प्रमाणित एवं आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know