बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड सदर अंतर्गत ग्राम सेखुईकलां में निर्माणाधीन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) के भवन का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति एवं भवन में विकसित की जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए नवंबर माह तक भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्माण के प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का भवन पूर्ण होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं एवं महिलाओं को रोजगारपरक एवं स्वरोजगार से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। संस्थान के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न रोजगारपरक ट्रेड एवं कौशल से जोड़ते हुए उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने में सक्षम बनाया जा सकेगा।
निर्माणाधीन आरसेटी भवन में प्रशिक्षणार्थियों की सुविधा के लिए 02 प्रशिक्षण कक्ष एवं आधुनिक कंप्यूटर लैब की व्यवस्था रहेगी। इससे अधिक संख्या में युवाओं एवं महिलाओं को एक साथ प्रशिक्षण प्रदान किया जा सकेगा। विशेष रूप से डिजिटल एवं कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों के कौशल को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही भवन में आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से प्रशिक्षण प्राप्त करने आने वाले युवाओं एवं महिलाओं को प्रशिक्षण अवधि के दौरान ठहरने की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। आवासीय व्यवस्था होने से ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को संस्थान की योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण के साथ-साथ प्रशिक्षण कक्ष, कंप्यूटर लैब, आवासीय व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्य भी सुनियोजित ढंग से पूर्ण किए जाएं, जिससे भवन तैयार होते ही प्रशिक्षण गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आरसेटी के माध्यम से ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना प्रमुख उद्देश्य है। बेहतर प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन से प्रशिक्षणार्थी स्वयं का रोजगार प्रारंभ कर सकेंगे तथा अपनी आय में वृद्धि कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगे।
इस दौरान लीड बैंक मैनेजर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know