बलरामपुर- जनपद में परिवार नियोजन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं छोटे परिवार के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कलेक्ट्रेट परिसर से परिवार नियोजन जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान परिवार कल्याण विभाग द्वारा मोबियस फाउंडेशन एवं पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जनसामान्य को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ एवं समृद्ध परिवार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित आशा कार्यकर्त्रियों से संवाद करते हुए परिवार नियोजन कार्यक्रम को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से सीधे जुड़ी होती हैं, इसलिए उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशाओं को परिवार नियोजन के प्रति भ्रांतियों को दूर करने, योग्य दंपत्तियों को उचित परामर्श देने तथा उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
जागरूकता वैन जनपद के विभिन्न गांवों में भ्रमण कर परिवार नियोजन की अस्थायी एवं स्थायी विधियों, मातृ स्वास्थ्य, जन्म अंतराल के लाभ तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में लोगों को जागरूक करेगी। अभियान के दौरान प्रचार-प्रसार सामग्री एवं अन्य माध्यमों के जरिए भी व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आशा कार्यकर्त्रियां एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

             हिन्दी संवाद न्यूज से
               रिपोर्टर वी. संघर्ष
                  बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने