बलरामपुर- दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में नई व्यवस्था के तहत कार्यवाही की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में पेंशन की धनराशि से छूटे 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र दिव्यांगजनों को जल्द ही पेंशन की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजीव कुमार यादव ने बताया कि दिव्यांग पेंशन योजनान्तर्गत इन्दिरा गांधी दिव्यांग पेंशन के ऐसे लाभार्थी, जिनकी दिव्यांगता 80 प्रतिशत या उससे अधिक है, की पेंशन भारत सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में अब नए एसएनए स्पर्श मॉड्यूल के माध्यम से प्रेषित की जानी है।
नई व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए एनआईसी एवं साइबर ट्रेजरी के सहयोग से आवश्यक प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र दिव्यांगजनों की पेंशन धनराशि सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से उनके आधार मैप्ड बैंक खातों तक पहुंचे।
उन्होंने बताया कि नई प्रणाली से संबंधित प्रक्रिया को पूर्ण होने में लगभग 15 दिन से एक माह का समय लग सकता है। प्रक्रिया पूरी होते ही प्रथम तिमाही की पेंशन से छूटे पात्र दिव्यांगजनों की धनराशि सीधे उनके आधार मैप्ड बैंक खातों में प्रेषित कर दी जाएगी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों को पेंशन धनराशि उपलब्ध कराने के लिए विभागीय स्तर से आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। नई एसएनए स्पर्श प्रणाली के क्रियान्वयन के बाद लंबित पेंशन भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण कर पात्र लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से परेशान न हों। पात्र लाभार्थियों की पेंशन सुरक्षित है तथा आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी होते ही नियमानुसार उनके खातों में धनराशि भेज दी जाएगी।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने