बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकास खंड बलरामपुर की ग्राम पंचायत अड़ार पाकड़ में पहुंचकर फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य का स्थलीय निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत में किसानों की बनाई जा रही फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित लेखपाल एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों से अब तक किए गए कार्य की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने फॉर्मर रजिस्ट्री से संबंधित अभिलेखों एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत का कोई भी पात्र किसान फॉर्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे। उन्होंने लेखपाल एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी पात्र किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्री किसानों से संबंधित आवश्यक विवरणों को व्यवस्थित एवं अद्यतन करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। पात्र किसानों से आवश्यक अभिलेख एवं विवरण प्राप्त करते हुए उनकी फॉर्मर रजिस्ट्री समयबद्ध रूप से बनाई जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बन सकी है, उनकी पहचान कर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इसके लिए लेखपाल एवं कृषि विभाग के कर्मचारी गांव स्तर पर सक्रियता से कार्य करें तथा किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति की नियमित समीक्षा किए जाने तथा कार्य में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know