बलरामपुर- प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने तथा उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आज लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को ₹90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने की सौगात दी गई। इस अवसर पर  मुख्यमंत्री जी द्वारा सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ भी किया गया।
 मुख्यमंत्री जी के उक्त कार्यक्रम के क्रम में जनपद बलरामपुर की सभी तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम एवं वर्चुअल संबोधन को सुना। इस दौरान उचित दर विक्रेताओं को प्रदेश सरकार द्वारा उनके हित में लिए गए निर्णयों एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए की जा रही पहलों की जानकारी दी गई।
तहसील बलरामपुर सदर में विधायक बलरामपुर सदर पलटूराम जी की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेताओं ने प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री जी का वर्चुअल संबोधन सुना।
विधायक सदर पलटूराम जी ने कहा कि प्रदेश सरकार उचित दर विक्रेताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किया जाना उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लाभांश में वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक संबल मिलेगा तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और बेहतर एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लिए अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण से एक ओर राशन वितरण के लिए सुव्यवस्थित एवं बेहतर स्थान उपलब्ध हो रहा है, वहीं दूसरी ओर उचित दर विक्रेताओं के लिए अतिरिक्त आय के अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।
 विधायक जी ने कहा कि अन्नपूर्णा भवन के माध्यम से उचित दर विक्रेताओं को 39 प्रकार की सामग्री के विक्रय की सुविधा प्रदान की गई है। इससे उचित दर विक्रेता खाद्यान्न वितरण के साथ अन्य अनुमन्य सामग्री का विक्रय कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर प्रारंभ की गई ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली के माध्यम से सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के संबंध में उचित दर विक्रेताओं से सीधे फीडबैक प्राप्त किया जा सकेगा। इससे खाद्यान्न की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के साथ समस्याओं की पहचान एवं उनके त्वरित समाधान में सहायता मिलेगी तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और मजबूती मिलेगी।
प्रदेश सरकार द्वारा लाभांश में वृद्धि, अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से बेहतर सुविधाओं एवं अतिरिक्त आय के अवसर तथा तकनीक आधारित फीडबैक प्रणाली जैसी पहलों से उचित दर विक्रेताओं के सशक्तीकरण के साथ ही पात्र राशन कार्डधारकों को अधिक पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी खाद्यान्न वितरण व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित कार्यक्रमों में जिला पूर्ति अधिकारी श्री कुमार निर्मलेंदु , मा० जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, उचित दर विक्रेता एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने