जलालपुर (अंबेडकरनगर)। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जलालपुर नगर के श्री शीतला माता मंदिर से समरसता अभियान के तहत एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह आयोजन नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि के कुशल नेतृत्व और विकाश निषाद के सफल संयोजन में संपन्न हुआ।

इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के सार्वभौमिक संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था। कार्यक्रम की शुरुआत वाराणसी स्थित उनकी जन्मभूमि की स्मृति में कलश पूजन से हुई। पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजारा गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यात्रा के दौरान विभिन्न चौराहों और स्थानों पर गोपाल सोनकर, शिवम आर्या और शिवनाथ त्रिपाठी के संयोजन में विशेष सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर मानिक चंद सोनी, जितेन्द्र शिल्पी, सोनू गुप्ता सहित तमाम स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस आयोजन ने एक बार फिर संत रविदास के उस क्रांतिकारी विचार को जीवंत कर दिया, जिसमें जाति-पाँति से ऊपर उठकर मानवता को सबसे बड़ा धर्म बताया गया। सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर इस यात्रा को सफल बनाया और समाज में प्रेम, एकता एवं भाईचारे का सशक्त संदेश दिया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने